
पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर कांग्रेस मुख्यालय में संगोष्ठी, अजय राय ने कहा—नेहरू के आदर्श आज भी राष्ट्र निर्माण की आधारशिला
पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर कांग्रेस मुख्यालय में संगोष्ठी, अजय राय ने कहा—नेहरू के आदर्श आज भी राष्ट्र निर्माण की आधारशिला
लखनऊ: स्वतंत्र भारत के प्रथम प्रधानमंत्री और भारत के महान राष्ट्र निर्माता, भारत रत्न पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में शुक्रवार को एक विचार संगोष्ठी का आयोजन हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय ने की, जबकि संगोष्ठी का संचालन बृजेन्द्र सिंह ने किया।कार्यक्रम की शुरुआत नेहरू के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर हुई। अजय राय, पूर्व मंत्री राजबहादुर और पूर्व मंत्री नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।संगोष्ठी में वक्ताओं ने नेहरू के बहुआयामी व्यक्तित्व, आधुनिक भारत की नींव रखने में उनके निर्णायक योगदान और लोकतांत्रिक मूल्यों को उनके द्वारा दी गई मजबूती पर विस्तार से चर्चा की।अपने उद्बोधन में अजय राय ने कहा कि नेहरू ने वैज्ञानिक सोच, शिक्षा, तकनीकी प्रगति और समाजवाद आधारित विकास मॉडल के जरिए भारत को आधुनिक राष्ट्र बनाने की दिशा में ठोस आधार दिया। उन्होंने कहा कि आज देश को नेहरू की विचारधारा—विविधता, भाईचारे, समानता और संविधान—की पहले से अधिक आवश्यकता है।उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नेहरू के जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएँ। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि नेहरू का सपना एक मजबूत, समावेशी और प्रगतिशील भारत का था, और कांग्रेस पार्टी उस सपने को साकार करने के लिए निरंतर संघर्ष कर रही है।अजय राय ने बिहार के चुनाव परिणामों पर भी टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत से एसआईआर के नाम पर लाखों मतदाताओं के नाम वोटर लिस्ट से हटाए गए, जो लोकतंत्र पर सीधा हमला है। उन्होंने दावा किया कि इसी तरह की कार्रवाई अब उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में भी शुरू कर दी गई है।उन्होंने कहा कि एसआईआर के नाम पर हो रही “वोट चारी” को रोकने के लिए कांग्रेस सड़क पर उतरकर भी संघर्ष करने को तैयार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मतदाता सूची में अपने-अपने क्षेत्रों के नामों की जांच कर उन्हें शामिल कराने की जिम्मेदारी लेने की अपील की।संगोष्ठी में पूर्व मंत्री राजबहादुर, नसीमुद्दीन सिद्दीकी, पूर्व विधायक श्याम किशोर शुक्ला, जिला कांग्रेस अध्यक्ष रूद्र दमन सिंह बबलू, शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव त्यागी, डॉ. शहजाद आलम, रमेश मिश्रा, ओंकारनाथ सिंह, संजीव पाण्डेय सहित कई नेताओं ने अपने विचार व्यक्त किए।कार्यक्रम में वंशीधर मिश्रा, अब्दुल्ला शेरखान, सुशील तिवारी, सुशीला शर्मा, विभा त्रिपाठी, कृपाशंकर मिश्रा, आलेख पाण्डेय, डॉ. पी.के. त्यागी, अमानुर रहमान, संजय शर्मा, बृजेश कुमार, राजेश सिंह काली, अनिल शुक्ला, बदरे आलम, सुभाष मिश्र, योगेश्वर सिंह, वसिउल्ला, आशुतोष मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन मौजूद रहे और उन्होंने पंडित नेहरू को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
