
नवनियुक्त एफसीआई कार्मिकों हेतु लखनऊ में सम्पन्न हुआ 12 दिवसीय आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम
लखनऊ: उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व और निर्देशन में दीनदयाल उपाध्याय ग्राम्य विकास संस्थान, बख्शी का तालाब, लखनऊ में निरंतर सरकारी, अर्द्ध-सरकारी विभागों व रचनात्मक कार्यों से जुड़े लोगों को दक्ष बनाने के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में संस्थान द्वारा भारतीय खाद्य निगम (FCI) के सहयोग से दिनांक 21 अप्रैल से 3 मई 2025 तक तृतीय श्रेणी के नवनियुक्त कार्मिकों के लिए 12 दिवसीय आवासीय आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।प्रशिक्षण में भारतीय खाद्य निगम के कुल 86 कार्मिकों ने सहभागिता की। यह प्रशिक्षण संस्थान के महानिदेशक एल. वेंकटेश्वर लू के संरक्षण, अपर निदेशक बी. डी. चौधरी के मार्गदर्शन, उप निदेशक सरिता गुप्ता तथा सहायक निदेशक डॉ. सीमा राठौर के नेतृत्व में संपन्न हुआ।इस कार्यक्रम के अंतर्गत प्रतिभागियों को भारतीय खाद्य निगम की कार्यप्रणाली, भारत की खाद्य नीति, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम, भारतीय कृषि का सतत विकास, भारतीय अर्थव्यवस्था में कृषि की भूमिका, एफसीआई में फिजिकल वेरिफिकेशन की प्रक्रियाएं, लेबर सिस्टम, कार्यालय प्रक्रिया, फाइल प्रबंधन, रिकॉर्ड संधारण, नोटिंग-ड्राफ्टिंग आदि विषयों पर विशेषज्ञ अधिकारियों द्वारा व्याख्यान दिए गए। प्रशिक्षण में विषयवस्तु की गहराई और व्यावहारिक उपयोगिता पर विशेष बल दिया गया।प्रशिक्षण सत्र के दौरान संस्थान के महानिदेशक एल. वेंकटेश्वर लू, उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के पूर्व सदस्य डॉ. कृष्णवीर सिंह शाक्य एवं लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी, मसूरी के वरिष्ठ विजिटिंग फैकल्टी प्रो. स्वामी मधुसूदन द्वारा प्रेरणादायक वार्ताएं आयोजित की गईं, जिन्हें प्रतिभागियों ने अत्यंत उपयोगी बताया।कार्यक्रम का समापन संस्थान के अपर निदेशक बी. डी. चौधरी की अध्यक्षता में तथा भारतीय खाद्य निगम के महाप्रबंधक प्रशांत शर्मा (आईएएस) की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर महाप्रबंधक शर्मा ने प्रतिभागियों को सरकारी तंत्र में कार्य करने की व्यवहारिक जानकारी एवं आवश्यक निर्देश प्रदान किए।कार्यक्रम की सफलता में उप निदेशक सरिता गुप्ता व सहायक निदेशक डॉ. सीमा राठौर की प्रमुख भूमिका रही। साथ ही आयोजन में डॉ. शिव बचन सिंह, विवेक यादव, अनुज दुबे, मोहम्मद शहंशाह व सूरज ने भी सहायक भूमिका निभाई।
