
लखनऊ : राजधानी लखनऊ के हजरतगंज स्थित विधान सभा के सामने आत्मदाह करने की कोशिशों का सिलसिला लगातार जारी है। चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था के बीच भी पीड़ित वहां पहुंचकर आत्मदाह की कोशिश करने से बाज नहीं आ रहे हैं। ताजा मामला शुक्रवार की सुबह का है। यहां एक बार फिर उस वक्त अफरातफरी मच गई जब हरदोई के रहने वाले 7 पीड़ित मकान पर कब्जा होने के विरोध में न्याय ना मिलने पर आत्मदाह करने विधान भवन के सामने पहुंच गए। लेकिन कई लेयर की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया। इससे पहले चार पुरुष और तीन महिलाएं सामूहिक आत्मदाह की कोशिश करता वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने सभी को दबोच लिया और कोतवाली ले गई। यहां पुलिस पीड़ितों से पूछताछ कर आगे की कार्यवाही करने में जुटी हुई थी। बता दें इससे पहले भी कई पीड़ित विधानभवन के सामने आत्मदाह की कोशिश कर चुके हैं। कई की मौत भी हो चुकी है।