
लखनऊ नगर निगम ने चलाया अतिक्रमण विरोधी अभियान, सड़कों और फुटपाथों को किया मुक्त
लखनऊ: नगर निगम लखनऊ ने शहर में बढ़ते अवैध अतिक्रमण और यातायात बाधाओं के मद्देनजर गुरुवार को एक व्यापक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। यह कार्रवाई माननीय महापौर सुषमा खर्कवाल के निर्देश और नगर आयुक्त गौरव कुमार के आदेश पर की गई। अभियान का मुख्य उद्देश्य प्रमुख सड़कों, सार्वजनिक स्थलों और फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त कर नागरिकों को सुगम, सुरक्षित और स्वच्छ यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराना बताया गया।अभियान के तहत नगर निगम के जोन-05 क्षेत्र में जोनल अधिकारी नन्दकिशोर के नेतृत्व में होमगार्ड मुख्यालय चौराहा से लेकर बंगला बाजार चौराहा तक कार्रवाई की गई। इस दौरान सड़कों और फुटपाथों पर लगाए गए ठेले, खुमचे, गुमटी और काउंटर हटाए गए। अभियान में कुल सात ठेले हटाए गए और अतिक्रमणकर्ताओं को भविष्य में कब्जा न करने की सख्त चेतावनी दी गई। अभियान में कर अधीक्षक आलोक कुमार श्रीवास्तव, राजस्व निरीक्षक पीयूष तिवारी, प्रवर्तन दल और पुलिस बल की सक्रिय भागीदारी रही।इसी क्रम में जोन-6 क्षेत्र में जोनल अधिकारी मनोज यादव के नेतृत्व में सीतापुर बाईपास से बेगरिया चौराहे तक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। इस दौरान पांच ठेले, तीन कांटे, चार लोहे के स्टैंड और आठ छोटे बोर्ड जब्त किए गए। अतिक्रमणकर्ताओं को भविष्य में दोबारा कब्जा न करने की चेतावनी दी गई। अभियान के दौरान दुबग्गा पुलिस का विशेष सहयोग प्राप्त हुआ और प्रभारी निरीक्षक दुबग्गा को पुनः अतिक्रमण रोकने के लिए पत्र प्रेषित किया गया। साथ ही अतिक्रमणकर्ताओं से ₹3000 का जुर्माना वसूला गया।नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि अभियान के माध्यम से सड़कों और फुटपाथों पर अवैध अतिक्रमण को समाप्त करने के साथ-साथ नागरिकों के लिए सुगम और सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।
