diwali horizontal

महमूदाबाद के नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम का नाम बदले जाने पर आपत्ति, डॉ. अम्मार रिज़वी ने खेल मंत्री को लिखा पत्र।

0 102

महमूदाबाद के नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम का नाम बदले जाने पर आपत्ति, डॉ. अम्मार रिज़वी ने खेल मंत्री को लिखा पत्र।

लखनऊ/सीतापुर: ऑल इंडिया माइनॉरिटीज़ फोरम फ़ॉर डेमोक्रेसी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व कार्यकारी मुख्यमंत्री डॉ. अम्मार रिज़वी ने सीतापुर जनपद के महूदाबाद स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम का नाम बदले जाने पर गहरी आपत्ति जताई है। इस संबंध में उन्होंने प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरिश चंद्र यादव को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है।

 

डॉ. अम्मार रिज़वी ने अपने पत्र में बताया कि वर्ष 1975 में तत्कालीन मुख्यमंत्री स्व. हेमवती नंदन बहुगुणा के कार्यकाल में उनके प्रयासों से महूदाबाद में एक पुराने खेल मैदान को स्टेडियम के रूप में स्वीकृति दिलाई गई थी। बाद में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जन्म शताब्दी के अवसर पर इस स्टेडियम का नाम नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नाम पर रखवाया गया था, जिसे राज्य सरकार ने भी मंजूरी दी थी।

उन्होंने लिखा कि हाल ही में उन्हें जानकारी मिली है कि इस स्टेडियम का नाम बदलकर “स्पोर्ट्स स्टेडियम” कर दिया गया है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है। डॉ. रिज़वी ने कहा कि जिस स्थल का नाम देश के महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस के नाम पर रखा गया हो, उससे उनका नाम हटाना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है।

डॉ. अम्मार रिज़वी ने मंत्री से अनुरोध किया है कि वे इस पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए यह सुनिश्चित करें कि महूदाबाद, सीतापुर स्थित स्टेडियम का नाम नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्टेडियम ही बना रहे। उन्होंने कहा कि इसके लिए महूदाबाद की जनता सदैव आभारी रहेगी।

पत्र 9 फरवरी 2026 को लखनऊ से जारी किया गया है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.