diwali horizontal

परिश्रम करने वालों की कभी हार नहीं होती-जिज्ञासा

मातृत्व अवकाश त्याग कर दो बहनों ने पेश की मिसाल,

0 86

 

बहराइच।गर्भावस्था का नौवा महीना फिर भी ए0एन0एम0 पद पर तैनात दो सगी बहनों ने मातृत्व अवकाश नहीं लिया। ऐसा नहीं है कि इसके लिए उन्हें स्वीकृति नहीं मिली बल्कि यह इनका स्वयं का फैसला है। इस अवस्था में भी प्रसव सेवा देने से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में टीकाकरण व अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ लोगों तक पहुंचा रही हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चित्तौरा के अधीक्षक डॉ कुँवर रितेश इनके काम की सराहना करते हुए कहते हैं कि जहां कुछ लोग अवकाश के लिए अक्सर सिफ़ारिश करते रहते हैं वहीं मातृत्व अवकाश को भी त्याग कर दोनों बहनों ने मिसाल पेश की है। मऊ जिले की मूल निवासी जिज्ञासा की नियुक्ति वर्ष 2018 में बतौर ए0एन0एम0 विशुनपुर राहू उप स्वास्थ्य केंद्र में हुई थी। वर्तमान में वह अपने पाँच साल की बेटी व पति शैलेंद्र के साथ उप स्वास्थ्य केंद्र में ही रहती हैं। इनके दूसरे गर्भ का नौवा महीना चल रहा है और प्रसव की संभावित तिथि 17 अगस्त 2022 है। महिलाएं इस अवस्था में आमतौर पर आराम करने को ज्यादा महत्व देती हैं लेकिन जिज्ञासा बिना अवकाश लिए लगातार काम कर रही हैं। चाहे वह स्वास्थ्य केंद्र पर प्रसव सेवा देने का काम हो या ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों व गर्भवती का टीकाकरण , जांचें या अन्य जरूरी स्वास्थ्य सेवाएँ देनी हो । हालांकि क्षेत्र तक आने -जाने में पति उनका सहयोग करते हैं। जिज्ञासा कहती हैं परिश्रम करने वालों की कभी हार नहीं होती। इसलिए जब तक हमें कोई परेशानी नहीं होगी तब तक हम अवकाश नहीं लेंगे और स्वास्थ्य सेवाएं लोगों तक पहुंचाते रहेंगे।
अपने काम से बनायी अपनी पहचान – डॉ0 कुँवर 
बहराइच।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चित्तौरा के अधीक्षक डॉ कुँवर रितेश कहते हैं तीन वर्ष पूर्व विशुनपुर राहू उप स्वास्थ्य केंद्र को प्रसव केंद्र में तब्दील किया गया था। जिज्ञासा के कठिन प्रयास से वर्तमान में प्रसव केंद्र पर हर माह औसतन 30 से अधिक प्रसव होते हैं। वहीं परिवार नियोजन के नए साधन अंतरा इंजेक्शन व छाया गर्भनिरोधक गोली की सेवा लेने के लिए लोग स्वास्थ्य केंद्र पर आते हैं । कोविड टीकाकरण में बेहतर प्रदर्शन के लिए इन्हे सम्मानित किया जा चुका है। इतना ही नहीं इनके जज्बे को देखकर छह माह की गर्भवती इनकी सगी छोटी बहन अर्चना ने भी अवकाश नहीं लिया है। वह वजीरपुर उप स्वास्थ्य केंद्र में एएनएम के पद पर कार्यरत हैं और नियमित रूप से स्वास्थ्य सेवाओं को लोगों तक पहुंचा रहीं हैं।
Leave A Reply

Your email address will not be published.