
संप्रभुता सर्वोपरि, सीमाएं रहें सुरक्षित और भाजपा का असली चेहरा जनता देख चुकी है : अखिलेश यादव
अमेठी,लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार को अमेठी में मीडिया से बातचीत करते हुए भारत की संप्रभुता और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने स्पष्ट कहा कि देश के आंतरिक मामलों में किसी विदेशी हस्तक्षेप की अनुमति नहीं दी जा सकती। संविधान और लोकतंत्र की यही सबसे बड़ी ताकत है। अखिलेश यादव ने दो टूक कहा कि “संप्रभुता ही भारत की असली पहचान है, जिसे किसी भी कीमत पर कमजोर नहीं होने दिया जा सकता।”सीमा सुरक्षा के मुद्दे पर उन्होंने सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि सीमाएं जितनी सुरक्षित होंगी, देश उतना ही आगे बढ़ेगा। लेकिन भाजपा सरकार में कई बार सुरक्षा में गंभीर चूकें हो चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की पहचान अब “चूक, फूट और लूट” की सरकार के रूप में बन चुकी है।
भाजपा पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा जश्न जीत का नहीं, “सीज” का मना रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा देश की जनता को धोखा देना चाहती है लेकिन देश की जागरूक जनता समय आने पर भाजपा को जरूर सबक सिखाएगी।अखिलेश यादव ने मध्यप्रदेश सरकार के एक मंत्री द्वारा सेना की महिला अधिकारी कर्नल सोफिया कुरैशी पर की गई अभद्र टिप्पणी को शर्मनाक करार दिया और कहा कि यह टिप्पणी न सिर्फ एक उच्च सैन्य महिला अधिकारी का अपमान है, बल्कि देश की हर नारी का अपमान है। उन्होंने कहा कि भाजपा का नारी सम्मान केवल नारों तक सीमित है, असल में उनके नेता महिला विरोधी मानसिकता से ग्रसित हैं। भाजपा का तथाकथित ‘नारी शक्ति वंदन अभियान’ ऐसे लोगों की जहरीली सोच के सामने खोखला सिद्ध हो रहा है।उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यही मंत्री पहले एक प्रसिद्ध अभिनेत्री के पेशे में बाधा डाल चुके हैं, और यदि उस समय कार्रवाई होती, तो आज उन्हें फिर से ऐसी टिप्पणी करने का अवसर नहीं मिलता। अखिलेश यादव ने सवाल किया कि क्या भाजपा खुद ऐसे मंत्री को हटाएगी या देश की नारी शक्ति और जनता एकजुट होकर उन्हें हटाएगी?अमेठी में भाजपा की स्थिति पर तीखा कटाक्ष करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि “भाजपा यहां गुमशुदा है। जब भाजपा ही भाजपा की नहीं रही, तो उनके साथ गये दलबदलू और एहसान फरामोशों की क्या हैसियत रह गई?” उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी से पाला बदलने वाले अब न घर के रहे न घाट के, और जनता अब उन्हें स्वीकार नहीं करेगी।समाजवादी पार्टी की 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी ज़मीनी स्तर पर काम कर रही है। उन्होंने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि गोमती रिवर फ्रंट के लिए लाया गया फव्वारा भाजपा सरकार में चोरी हो गया, और अब “फव्वारा चोर सत्ता में नहीं लौटेंगे।”अखिलेश यादव का यह बयान न सिर्फ भाजपा के खिलाफ तीखा हमला है, बल्कि सत्तारूढ़ दल की नीतियों और कार्यशैली पर गंभीर सवाल भी खड़े करता है।
