School 1 horizontal

लखनऊ विश्वविद्यालय को ‘इंडिया टुडे रैंकिंग 2025’ में देश का सर्वश्रेष्ठ उन्नत सरकारी विश्वविद्यालय घोषित किया गया

Plant 1 horizontal
0 45

लखनऊ विश्वविद्यालय को ‘इंडिया टुडे रैंकिंग 2025’ में देश का सर्वश्रेष्ठ उन्नत सरकारी विश्वविद्यालय घोषित किया गया

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के लिए यह अत्यंत गौरव का क्षण है कि लखनऊ विश्वविद्यालय ने ‘इंडिया टुडे रैंकिंग 2025’ में ‘सर्वाधिक उन्नत सामान्य सरकारी विश्वविद्यालयों’ की श्रेणी में देशभर में पहला स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि बीते पाँच वर्षों (2020 से 2025) के दौरान विश्वविद्यालय द्वारा की गई प्रगति का प्रमाण है, जिसमें शैक्षणिक गुणवत्ता, आधारभूत ढाँचे, डिजिटलीकरण, नवाचार और संकाय विकास जैसे कई पहलुओं पर बेहतर प्रदर्शन को आंका गया।इंडिया टुडे की वार्षिक रैंकिंग रिपोर्ट के अनुसार, इस सूची में उन विश्वविद्यालयों को सम्मिलित किया गया है, जिन्होंने गत पाँच वर्षों में अपनी स्थिति में उल्लेखनीय सुधार किया है। लखनऊ विश्वविद्यालय ने वर्ष 2020 में 23वें स्थान से आगे बढ़ते हुए 2025 में 11वां स्थान हासिल किया है। इस सुधार दर के आधार पर विश्वविद्यालय को टॉप-5 में पहला स्थान प्राप्त हुआ है। इस सूची में आचार्य नागार्जुन विश्वविद्यालय (गुंटूर), गुरु नानक देव विश्वविद्यालय (अमृतसर), भरतियार विश्वविद्यालय (कोयंबटूर) और डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय (समस्तीपुर) जैसे देश के प्रतिष्ठित संस्थानों को भी पीछे छोड़ दिया गया है।प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने इस उत्कृष्ट उपलब्धि पर विश्वविद्यालय परिवार को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता और परिश्रम का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उच्च शिक्षा के क्षेत्र में जो संरचनात्मक सुधार किए गए हैं, उनके सकारात्मक परिणाम अब राष्ट्रीय स्तर पर दिखने लगे हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक नवाचारों, शोध कार्यों, छात्र-सुविधाओं और तकनीकी आधुनिकीकरण में जो निरंतर प्रयास किए हैं, उन्हीं का यह प्रतिफल है।कुलपति प्रो. मनुका खन्ना ने इस सफलता को लखनऊ विश्वविद्यालय की सामूहिक प्रतिबद्धता और दूरदर्शिता का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि यह रैंकिंग विश्वविद्यालय को उत्कृष्टता का केंद्र बनाने की दिशा में किए गए हमारे प्रयासों की पुष्टि करती है। उन्होंने यह भी कहा कि लखनऊ विश्वविद्यालय नवाचार, समावेशिता और वैश्विक शैक्षणिक मानकों के अनुरूप विकास की अपनी यात्रा को आगे भी जारी रखेगा।यह राष्ट्रीय मान्यता विश्वविद्यालय के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश के शैक्षणिक परिदृश्य के लिए एक प्रेरक उपलब्धि है, जो राज्य को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी बनाने की दिशा में मजबूत कदम है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.