diwali horizontal

कौन बनेगा उपराष्ट्रपति ?

0 63

कौन बनेगा उपराष्ट्रपति ?

Vice President Polls: कौन बनेगा उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन या पूर्व जस्टिस रेड्डी? दोनों के लिए ऐसे बन रहे समीकरण

उपराष्ट्रपति पद के लिए मतदान जारी है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने इंडिया ब्लॉक के उम्मीदवार पूर्व जस्टिस बी.सुदर्शन रेड्डी के प्रचार में पूरा जोर लगा दिया है। रेड्डी के समर्थन में इंडिया ब्लाक के नेता हैं। जबकि सत्ता पक्ष सीपी राधाकृष्णन की जीत के प्रति आश्वस्त है।

आज हो रहे मतदान से पहले ही बीते दिन तीन दलों ने उपराष्ट्रपति चुनाव को लेकर अपना निर्णय सुना दिया। जनता दल(बीजू) और बीआरएस के साथ ही शिअद ने चुनाव से अलग रहने का फैसला किया है। बीजू जनता दल के राज्यसभा में 7 और बीआरएस के 4 सांसद और शिअद का एक सांसद है। लोकसभा में बीआरएस और बीजद के सदस्यों की संख्या 0 है। एनडीए की ओर से दलों से बातचीत, तालमेल बिठाने सीपी राधाकृष्णन को चुनाव में सफल बनाने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मुख्य भूमिका में हैं। राजनाथ सिंह भाजपा के एक ऐसे नेता हैं, जिनका कई दलों के नेता सम्मान करते हैं। दूसरी तरफ  कांग्रेस के नेता एसवी रमणी कहते हैं कि इस बार उपराष्ट्रपति का चुनाव दिलचस्प होगा।  वह कहते हैं कि उपराष्ट्रपति के चुनाव में क्रास वोटिंग हुई तो एनडीए के उम्मीदवार की किरकिरी होनी तय है।

 

कौन-कौन डालेगा वोट?
उपराष्ट्रपति का चुनाव संसद के दोनों सदनों के सदस्यों से मिलकर बनने वाले निर्वाचक मंडल यानी इलेक्टोरल कॉलेज के जरिए आनुपातिक प्रतिनिधित्व पद्धति से होता है।  संसद के दोनों सदनों के सदस्य इसमें हिस्सा लेते हैं। राष्ट्रपति चुनाव में निर्वाचित सांसदों के साथ-साथ विधायक भी मतदान करते हैं, लेकिन उपराष्ट्रपति चुनाव में केवल लोकसभा और राज्यसभा के सांसद ही वोट डाल सकते हैं। राज्यसभा के मनोनीत सांसदों को भी वोट डालने का अधिकार दिया गया है। राज्यसभा में फिलहाल 12 मनोनीत सदस्य हैं।

लोकसभा में पूर्ण संख्याबल 543 से एक सांसद कम हैं। यानी लोकसभा में फिलहाल 542 सांसद हैं। बशीरहाट सीट के सांसद के निधन के बाद से इस सीट पर उपचुनाव नहीं हो पाया है। ऐसे में लोकसभा से उपराष्ट्रपति चुनाव में 542 सांसद ही वोट करेंगे।

दूसरी तरफ, राज्यसभा में पूर्ण संख्याबल- 245 सांसदों के मुकाबले फिलहाल 239 सांसद हैं। इनमें 12 नामित सांसदों की संख्या पूरी है, लेकिन निर्वाचित सांसदों के लिए तय छह सीटें खाली हैं। इनमें से चार जम्मू-कश्मीर से, एक पंजाब से और एक झारखंड से हैं। जहां आम आदमी पार्टी के संजीव अरोड़ा ने हाल ही में विधानसभा उपचुनाव जीतने के बाद इस्तीफा दे दिया था, वहीं झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक शिबू सोरेन का हाल ही में निधन हो गया था। राज्यसभा की खाली सीटों को भरने के लिए उपचुनाव भी नहीं कराए जा सके। ऐसे में उपराष्ट्रपति चुनाव में राज्यसभा के 227 निर्वाचित सांसद और 12 मनोनीत सांसदों समेत कुल 239 सांसद ही वोट डाल सकते हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.