diwali horizontal

युवाओं को शत-प्रतिशत रोजगार की दिशा में बड़ा कदम, टाटा टेक्नोलॉजीज के सहयोग से एडटेक संस्थान और रेमंड टेलरिंग सेंटर का निरीक्षण

0 75

युवाओं को शत-प्रतिशत रोजगार की दिशा में बड़ा कदम, टाटा टेक्नोलॉजीज के सहयोग से एडटेक संस्थान और रेमंड टेलरिंग सेंटर का निरीक्षण

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में युवाओं को गुणवत्तापरक तकनीकी प्रशिक्षण और शत-प्रतिशत रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। लखनऊ के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान, अलीगंज में शनिवार को टाटा टेक्नोलॉजीज लिमिटेड द्वारा स्थापित एडटेक प्रशिक्षण संस्थान और रेमंड टेलरिंग सेंटर का निरीक्षण राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सहकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल और मुख्यमंत्री के मुख्य सलाहकार अवनीश अवस्थी ने संयुक्त रूप से किया।निरीक्षण के दौरान दोनों वरिष्ठ पदाधिकारियों ने प्रशिक्षण के दौरान उपयोग में लाई जा रही आधुनिक मशीनों, उपकरणों और प्रशिक्षण प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने संतोष व्यक्त करते हुए सुझाव दिया कि प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को स्थानीय स्तर पर अधिक से अधिक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं, ताकि उन्हें अपने गृहक्षेत्र में ही सम्मानजनक आजीविका मिल सके।डॉ. कृष्ण गोपाल ने कहा कि यह प्रशिक्षण न केवल कौशल उन्नयन का माध्यम है, बल्कि प्रशिक्षुओं को टाटा मोटर्स सहित अन्य प्रतिष्ठित कंपनियों में सेवायोजन का अवसर भी प्रदान करता है। वहीं अवनीश अवस्थी ने इसे उत्तर प्रदेश सरकार और उद्योग जगत के बीच सक्रिय भागीदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास एवं उद्यमशीलता विभाग और टाटा टेक्नोलॉजीज लिमिटेड के बीच एक एमओयू किया गया है, जिसका उद्देश्य युवाओं को तकनीकी दक्षता के साथ रोजगार से जोड़ना है। इस एमओयू के तहत पहले चरण में प्रदेश के 149 आईटीआई संस्थानों में TTL वर्कशॉप्स स्थापित की जा चुकी हैं, जहां प्रशिक्षण कार्य सुचारु रूप से चल रहा है। इसके अतिरिक्त पांच उत्कृष्ट केंद्र भी विकसित किए जा रहे हैं। द्वितीय चरण में 62 और वर्कशॉप्स की स्थापना हेतु कार्य प्रगति पर है।इस अवसर पर प्रशिक्षण एवं सेवायोजन निदेशक अभिषेक सिंह, संयुक्त निदेशक अनिल वर्मा, संस्थान के प्रधानाचार्य राज कुमार यादव, उप प्रधानाचार्य सुनील कुमार सिंह सहित संस्थान के कार्यदेशक, अनुदेशक और अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे।यह पहल न केवल उत्तर प्रदेश में तकनीकी शिक्षा की दिशा में नया आयाम जोड़ रही है, बल्कि युवाओं को रोजगारोन्मुखी शिक्षा देकर उन्हें आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहभागी भी बना रही है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.