
लखनऊ में प्लॉट बेचने के नाम पर कारोबारी से ठगे 38.50 लाख की।
Lucknow Crime News:लखनऊ। जौनपुर के सरायख्वाजा निवासी कारोबारी प्रभाशंकर यादव ने अशोक कुमार चौधरी और विनोद कुमार के खिलाफ प्लॉट के नाम पर 38.50 लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है।
इंदिरानगर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

प्रभाशंकर एफएल लॉन्ड्री एंड हाउसकीपिंग कॉन्ट्रैक्ट सर्विसेज फर्म चलाते हैं। उनके मुताबिक कारोबार के सिलसिले में अक्सर उनका लखनऊ आना-जाना रहता है। 2024 में वह प्लॉट खरीदना चाहते थे। इस संबंध में उनकी मुलाकात मुंशी पुलिया चौराहा निवासी अशोक से हुई। आरोपी ने उन्हें अच्छे दाम पर प्लॉट दिलाने का झांसा दिया और उनसे 10 लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। फिर उसने उनकी मुलाकात इंदिरानगर के शिवाजीपुरम निवासी विनोद से कराई। । विनोद ने उन्हें शिवाजीपुरम में प्लॉट दिखाया और सौदा 38.50 लाख में तय हुआ। पीड़ित ने विनोद को नवंबर 2024 तक 28.50 लाख रुपये का भुगतान कर दिया। आरोपी ने कुछ समय बाद पीड़ित से रजिस्ट्री करने की बात कही। मगर ऐसा कुछ नहीं किया। दबाव बनाने पर दोनों आरोपी सितंबर 2025 तक उन्हें टरकाते रहे और बाद में धमकाना शुरू कर दिया। परेशान होकर पीड़ित ने इंदिरानगर पुलिस से दोनों की शिकायत की। इंस्पेक्टर सुनील कुमार तिवारी के मुताबिक पीड़ित को बयान के लिए बुलाया गया है। तफ्तीश की जा रही है, जो भी साक्ष्य सामने आएंगे उसे आधार पर कार्रवाई की जाएगी।