diwali horizontal

*किसान कल्याण तथा किसान की आमदनी दुगुना करने हेतु 06 जनवरी से किसान कल्याण मिशन के रूप में चलाया जायेगा अभियान* 

0 187

*आयोजन में कोविड प्रोटोकाॅल तथा इस सम्बन्ध में निर्गत दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाये*

 

लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा कृषि व कृषि आधारित अन्य गतिविधियों जिनमें पशुपालन, बागवानी, गन्ना इत्यादि तथा कृषि आधारित उद्योग सम्मिलित हैं, को विकसित कर इन गतिविधियों के माध्यम से किसान कल्याण तथा किसान की आमदनी दुगुना करने का एक अभियान दिनांक 06 जनवरी, 2021 से किसान कल्याण मिशन के रूप में चलाने का निर्णय लिया गया है। इस सम्बन्ध में विस्तृत दिशा-निर्देश कृषि उत्पादन आयुक्त, समस्त अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव तथा समस्त मण्डलायुक्तों एवं जिलाधिकारियों को पूर्व में ही निर्गत किये जा चुके हैं।

 

उक्त जानकारी देते हुये मुख्य सचिव राजेन्द्र कुमार तिवारी ने बताया कि किसान कल्याण मिशन के अन्तर्गत होने वाली गोष्ठी/प्रदर्शनी/मेला प्रत्येक विकास खण्ड में 06 जनवरी, 2021 से आरम्भ होकर अगले तीन सप्ताह में सम्पन्न होगी। प्रत्येक सप्ताह के बुधवार को जनपद के प्रत्येक ग्रामीण क्षेत्रों में आच्छादित होने वाली विधानसभा क्षेत्रों में एक विकास खण्ड में इनका आयोजन होगा और यह क्रम तब तक चलता रहेगा, जब तक सारे विकासखण्ड आच्छादित नहीं हो जाते। यह आयोजन तहसील दिवस या किसी राजकीय अवकाश के दिन आयोजित नहीं होंगे। आयोजन कराने का मुख्य उत्तरदायित्व जिलाधिकारी के नेतृत्व में मुख्य विकास अधिकारी का होगा, जो सभी विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित करके प्रत्येक विकास खण्ड की माइक्रो प्लानिंग करेंगे, इस आयोजन हेतु जिला कृषि अधिकारी कार्यक्रम के सदस्य सचिव होंगे। विकास खण्ड स्तर पर इन कार्यक्रमों के आयोजन का मुख्य दायित्व खण्ड विकास अधिकारी का होगा, जो सम्बन्धित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुये व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करेंगे। उक्त के अतिरिक्त विकास खण्ड वार समय-सारिणी निर्धारित करते हुये इसका स्थानीय स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार भी करेंगे, जिससे कि इस कार्यक्रम में किसानों की प्रभावी सहभागिता सुनिश्चित हो सके।

 

इस अभियान के तीन मुख्य भाग होंगे। पहला कृषि व सहवर्गी सेक्टर की वृहद् प्रदर्शनी, जिसमें स्थानीय स्तर पर लघु, सूक्ष्म एवं मध्यम उद्यमिता इकाईयों तथा ग्राम्य विकास के आजीविका मिशन के अन्तर्गत गठित स्वयं सहायता समूहों के द्वारा उत्पादित प्रमुख उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगायी जायेगी एवं विभिन्न प्रकार की कृषि तकनीकों के प्रदर्शन (डिमान्सट्रेशन) कराये जायेंगे। दूसरा किसान गोष्ठी जिसमें प्रगतिशील किसान, कृषि वैज्ञानिक एवं कृषि विभाग से जुड़े कृषि प्रसार कार्यकर्ता शासन की किसानोन्मुखी योजनाओं के बारे में सम्यक जानकारी उपलब्ध करायेंगे। तीसरा विभिन्न विभागों द्वारा कृषि कल्याण की संचालित योजनाओं के लाभार्थियों को मौके पर ही लाभ प्रदान कराया जायेगा।

 

विकास खण्ड स्तर पर आयोजित होने वाले कृषि मेला एवं कृषि प्रदर्शनी में कृषि विभाग के साथ-साथ उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, रेशम, सहकारिता, सिंचाई विभाग, लघु सिंचाई, नेडा, विद्युत, ग्राम्य विकास, पंचायतीराज, वन, बाल विकास एवं पुष्टाहार इत्यादि विभाग अपनी-अपनी योजनाओं से सम्बन्धित स्टाल लगायेंगे एवं लाभार्थीपरक योजनाओं के स्वीकृति पत्र/प्रमाण-पत्र/कृषि यंत्र वितरण/पुरस्कार आदि का वितरण भी सुनिश्चित करायेंगे। आयोजित कृषि मेले एवं कृषि प्रदर्शनी में किसान कल्याण से सम्बन्धित विभिन्न योजनाओं के बारे में जागरूकता गोष्ठी के साथ-साथ उक्त क्षेत्र के किसानों के कल्याण से जुड़े सभी कार्यक्रमों के बारे में न केवल जानकारी दी जायेगी, बल्कि योजनाओं के अन्तर्गत लाभार्थियों का चयन करते हुये, लाभार्थियों को विभिन्न सुविधायें उपलब्ध करायी जायेंगी तथा उपलब्ध सुविधाओं का वितरण कराया जायेगा।

 

खाद्य एवं रसद विभाग द्वारा खरीफ की फसल की कटाई के पश्चात दलहन, तिलहन व धान की खरीद का कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार भी सुनिश्चित किया जायेगा, जिससे किसान न्यूनतम समर्थन मूल्य (एम0एस0पी0) पर स्थानीय स्तर पर अपनी उपज को बेच सकेंगे। साथ ही साथ अगर कृषकों को क्रय केन्द्रों से सम्बन्धित कोई शिकायत हो तो उसका निराकरण भी मौके पर कराते हुये निस्तारण सुनिश्चित कराया जायेगा।

 

कृषि उत्पादन आयुक्त, समस्त अपर मुख्य सचिव, प्रमुख सचिव, सचिव, समस्त मण्डलायुक्त एवं समस्त जिलाधिकारियों से अपेक्षा की गई है कि वह जनपद स्तर पर निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार अपने-अपने विभागीय अधिकारियों व राज्य स्तरीय कर्मियों का इस अभियान में सक्रिय प्रतिभाग सुनिश्चित करेंगे, जिससे इस अभियान के उद्देश्य को पूरा किया जा सके।

Leave A Reply

Your email address will not be published.