diwali horizontal

लखनऊ की सड़कों पर दहशत फैलाने वाला चेन स्नैचिंग गिरोह दबोचा

0 50

लखनऊ की सड़कों पर दहशत फैलाने वाला चेन स्नैचिंग गिरोह दबोचा

चार शातिर अपराधी गिरफ्तार, वारदातों का सिलसिला टूटा, पुलिस टीम को इनाम

लखनऊ:अंधेरा ढलते ही लखनऊ की गलियों और कॉलोनियों में बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों का आतंक छा जाता था। मंदाकिनी एन्क्लेव से लेकर गोमती एनक्लेव तक महिलाएं गले में सोने की चेन डालकर निकलतीं तो पलक झपकते ही बदमाशों के निशाने पर आ जातीं। रफ्तार से भागती बाइक और झपट्टा मारते हाथों की वजह से न जाने कितनी महिलाओं की चेन कुछ ही सेकंड में गायब हो जाती।पिछले कई महीनों से दक्षिणी जोन की पुलिस इन वारदातों से परेशान थी। मगर मंगलवार देर रात सुशांत गोल्फ सिटी थाने और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने उतरेटिया रेलवे स्टेशन के पास जाल बिछाकर इस गिरोह का खेल खत्म कर दिया। पुलिस ने चार शातिर चेन स्नैचरों को गिरफ्तार कर लिया, जिनके कब्जे से चार मोटरसाइकिलें, सोने की चार चेन और पीली धातु के टुकड़े बरामद हुए।गिरफ्तार अभियुक्तों में वसीर अली, सुमित सिंह, अरमान गिरि और सुधीर कुमार शामिल हैं। इनकी उम्र 19 से 24 साल के बीच है और ये पढ़ाई से लेकर ठेला लगाने और डिलीवरी बॉय जैसे अलग-अलग काम की आड़ में वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस पूछताछ में इन्होंने मंदाकिनी एन्क्लेव, संतुष्टि इन्क्लेव, प्रधानमंत्री सेक्टर, गोमती एनक्लेव और कृष्णानगर वीवीआईपी रोड पर हुई वारदातों को कबूल किया।इन बदमाशों की कार्यप्रणाली भी बेहद शातिराना थी। बिना नम्बर की मोटरसाइकिलों से ये राह चलती महिलाओं को निशाना बनाते, घटना के बाद गाड़ियों के नम्बर प्लेट तोड़ देते या चेसिस नम्बर मिटा देते। पुलिस के अनुसार, गिरोह के खिलाफ सुशांत गोल्फ सिटी, पीजीआई और कृष्णानगर थानों में आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।पुलिस उपायुक्त दक्षिणी ने इस बड़ी सफलता पर गिरफ्तारी करने वाली टीम को 10 हजार रुपये नगद इनाम देने की घोषणा की है। फिलहाल अभियुक्तों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.