diwali horizontal

संभल में कल्कि महोत्सव/विकासोत्सव 2025 का भव्य आयोजन, मंत्री ए.के. शर्मा ने किया लोकार्पण और शिलान्यास

0 102

संभल में कल्कि महोत्सव/विकासोत्सव 2025 का भव्य आयोजन, मंत्री ए.के. शर्मा ने किया लोकार्पण और शिलान्यास

संभल: नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने शुक्रवार को जनपद संभल में आयोजित भव्य कल्कि महोत्सव/विकासोत्सव 2025 में बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह आयोजन न केवल सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है, बल्कि विकास, स्वच्छता और जनभागीदारी के नए युग की शुरुआत का संदेश भी देता है।मंत्री ए.के. शर्मा ने लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से नगर विकास एवं ऊर्जा विभाग की कई महत्वपू्र्ण परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में निर्बाध विद्युत आपूर्ति, नाली निर्माण, पेयजल पाइपलाइन, स्ट्रीट लाइट और स्वच्छता से जुड़ी अधोसंरचना शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं से संभल जिले के नागरिकों को बेहतर बिजली आपूर्ति, स्वच्छता व्यवस्था और शहरी सुविधाओं में बड़ी राहत मिलेगी।इस अवसर पर उन्होंने ‘जीरो वेस्ट’ पर आधारित संभल कल्कि महोत्सव/विकासोत्सव 2025 के लोगो का अनावरण भी किया। मंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम प्रदेश में स्वच्छता और सतत विकास की दिशा में नई सोच को प्रतिबिंबित करता है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे स्वच्छता अभियान को केवल सरकारी प्रयास न मानकर जनआंदोलन के रूप में अपनाएं। इस दौरान नगर विकास मंत्री ने नगर पालिका परिषद संभल द्वारा सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के तहत खरीदे गए स्वच्छता वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।कार्यक्रम में स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 20 सफाई मित्रों को ‘वोकल फॉर लोकल’ थीम पर आधारित स्थानीय उत्पाद भेंट कर सम्मानित किया गया। मंत्री शर्मा ने कहा कि सफाई मित्र हमारे समाज के सच्चे नायक हैं, जो शहरों को स्वच्छ और स्वस्थ बनाए रखने में दिन-रात कार्यरत हैं।इसके साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को उनके नए मकानों की चाभियां भी सौंपीं। मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संकल्प है कि हर गरीब का अपना घर हो। उन्होंने इस अवसर पर जनता को स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और वोकल फॉर लोकल अपनाने का संकल्प दिलाया।मंत्री ने जिला प्रशासन की सराहना करते हुए बताया कि लगभग 86 हेक्टेयर भूमि को अनाधिकृत कब्जे से मुक्त कराया गया है, जो शासन की पारदर्शिता, जवाबदेही और जनहित के प्रति गंभीरता को दर्शाती है।कार्यक्रम में जिलाधिकारी डा. राजेंद्र पैंसिया, मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट, पूर्व विधायक एवं मंत्री अजीत कुमार, पूर्व एमएलसी परमेश्वर लाल सैनी, नगर पालिका और विद्युत विभाग के अधिकारी, सफाई कर्मी, स्वयंसेवी संस्थाएं, महिला समूह और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.