
लखनऊ में ‘दिव्यता – द थर्ड आई’ योग एवं फिटनेस अकादमी का भव्य उद्घाटन
लखनऊ: राजधानी लखनऊ में आज योग और प्राकृतिक खेती का अद्भुत संगम उस समय देखने को मिला जब ‘दिव्यता – द थर्ड आई’ योग एवं फिटनेस अकादमी का अमरत्व कृषि, प्राकृतिक कृषि पहल के सहयोग से भव्य उद्घाटन हुआ। इस अकादमी की स्थापना योग एवं फिटनेस विशेषज्ञ सचिन राजवंश ने की है, जिन्हें योग क्षेत्र में 15 वर्षों से अधिक का अनुभव है। इस पहल को एसआरजी कमर्शियल ग्रुप की निदेशक शमा आर. गुप्ता का भी सहयोग प्राप्त है।उद्घाटन समारोह में भाजपा नेता एवं उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आज यहाँ योग और प्राकृतिक खेती के उत्पादों का अद्भुत समन्वय देखने को मिल रहा है। योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य ही नहीं, बल्कि मानसिक शांति और आंतरिक ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि ‘दिव्यता – द थर्ड आई’ योग एवं फिटनेस अकादमी और अमरत्व कृषि का यह सहयोग स्वास्थ्य और स्थायित्व, दोनों को साथ लेकर चलने वाला एक सशक्त कदम है।एसआरजी कमर्शियल ग्रुप की निदेशक शमा आर. गुप्ता ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य एक समग्र पारिस्थितिकी तंत्र का निर्माण करना है, जहाँ योग, फिटनेस और प्राकृतिक जीवन शैली का संतुलित संगम हो। अकादमी में अयंगर योग, चिकित्सीय उपचार, शक्ति प्रशिक्षण, पोषण मार्गदर्शन और समग्र स्वास्थ्य कार्यक्रम उपलब्ध कराए जाएंगे। वहीं, अमरत्व कृषि “हमारे खेतों से आपके घर तक” के विजन के अंतर्गत अपने जैविक, रसायन-मुक्त और हाथ से तैयार किए गए कृषि उत्पादों की श्रृंखला भी प्रदर्शित करेगा।इस भव्य आयोजन में वरिष्ठ आईएएस, आईपीएस, पीसीएस अधिकारी, विधायकों सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे और इस पहल की सराहना की। लखनऊ में स्वास्थ्य, फिटनेस और प्राकृतिक कृषि को बढ़ावा देने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
