स्वास्थ्य विभाग की एक्सरे टेक्नीशियन भर्ती में बड़ा घोटाला, -वंशराज दुबे
लखनऊ, 08 सितंबर 2025: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार एक बार फिर भर्ती घोटाले में घिर गई है। स्वास्थ्य विभाग की वर्ष 2016 में हुई एक्सरे टेक्नीशियन भर्ती (403 पद) में व्यापक फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया कि एक ही नाम और पिता के नाम से दर्जनों फर्जी नियुक्तियाँ कर दी गईं। कहीं ‘अर्पित’ नाम पर छह लोगों को नौकरी दी गई तो कहीं ‘अंकित’ और ‘अंकुर’ नाम से कई-कई अभ्यर्थियों को नियुक्ति प्रदान कर दी गई। इससे नियुक्ति प्रक्रिया की पारदर्शिता और योग्यता आधारित चयन पर सवाल उठने लगे हैं।आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता वंशराज दुबे ने सोमवार को जारी बयान में योगी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “योगी सरकार की भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह से दलालों और भ्रष्ट अधिकारियों के कब्ज़े में है। क्या अब योग्यता की जगह जुगाड़ और फर्जीवाड़ा ही असली मेरिट बन गई है? यह भाजपा की डबल इंजन सरकार की डबल धांधली है।” उन्होंने कहा कि इस घोटाले से स्पष्ट हो गया है कि भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव है और युवा वर्ग के साथ धोखा किया जा रहा है।वंशराज दुबे ने योगी सरकार से चार तीखे सवाल पूछे हैं। पहला, एक ही नाम और जन्मतिथि वाले कई लोगों को नौकरी कैसे मिल गई? दूसरा, क्या नियुक्ति प्रक्रिया में आधार और अन्य दस्तावेजों का सत्यापन भी फर्जी था? तीसरा, जो असली उम्मीदवार थे उनका हक किसने छीना और क्यों? चौथा, इतनी बड़ी धांधली के बाद भी जिम्मेदार अधिकारियों पर अब तक कोई सख्त कार्रवाई क्यों नहीं की गई?मुख्य प्रवक्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी इस घोटाले की हाईकोर्ट की निगरानी में एसआईटी जांच कराने की मांग करती है। उन्होंने कहा कि इसमें शामिल सभी अधिकारियों, नेताओं और दलालों को तत्काल गिरफ्तार कर कड़ी सजा दी जाए। उन्होंने कहा कि यह मामला सिर्फ भ्रष्टाचार का नहीं बल्कि प्रदेश के लाखों बेरोजगार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ का है।वंशराज दुबे ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनावों में “भ्रष्टाचार मुक्त शासन” का दावा करने वाली भाजपा की असलियत अब सबके सामने है। उन्होंने कहा कि शिक्षक भर्ती, पुलिस भर्ती और अब स्वास्थ्य विभाग की भर्ती—हर जगह भ्रष्टाचार और फर्जीवाड़े का खेल चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार चुप्पी साधे बैठी है और अपने ही सहयोगियों व दलालों को बचाने में लगी है, जबकि युवा बेरोज़गारी और निराशा में जीवन जीने को मजबूर हैं।आम आदमी पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि योगी सरकार इस घोटाले पर तत्काल कड़ी कार्रवाई नहीं करती तो प्रदेश भर में आंदोलन चलाकर भ्रष्टाचार के खिलाफ जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा। पार्टी ने युवाओं से भी सरकार के इस दोहरे चरित्र के खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान किया।यह घोटाला न केवल प्रशासनिक विफलता का प्रतीक है, बल्कि यह बताता है कि सरकारी भर्ती में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना अब कितना आवश्यक हो गया है। आम आदमी पार्टी ने स्पष्ट किया है कि युवाओं के हक की लड़ाई हर स्तर पर लड़ी जाएगी।