diwali horizontal

हसनगंज पुलिस की बड़ी कामयाबी, डकैती के वांछित आरोपी मारूफ की गिरफ्तारी

0 63

हसनगंज पुलिस की बड़ी कामयाबी, डकैती के वांछित आरोपी मारूफ की गिरफ्तारी

लखनऊ: राजधानी लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट के हसनगंज थाना क्षेत्र में हुई चर्चित डकैती कांड के वांछित आरोपी को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया। यह सफलता पुलिस को मंगलवार को मिली, जब झूलेलाल पार्क ढलान नंबर-01 से फरार चल रहे आरोपी मारूफ को दबोच लिया गया। आरोपी पर वर्ष 2024 में हसनगंज थाना क्षेत्र में हुई बड़ी वारदात के बाद से फरार रहने का आरोप था और पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश में जुटी थी।गौरतलब है कि 14 दिसंबर 2024 की रात हसनगंज क्षेत्र में पशुपालन विभाग के निदेशक प्रसिद्ध नारायण सिंह के घर में अज्ञात बदमाशों ने धावा बोला था। बदमाशों ने घर में घुसकर उन्हें बंधक बना लिया और दो मोबाइल फोन, एक ब्रेसलेट, कमरे का ताला तोड़कर दो ब्रीफकेस तथा एक ट्रॉली बैग लूट ले गए थे। इस ट्रॉली बैग में करीब दो लाख रुपये नकद और कीमती जेवरात रखे हुए थे। इस वारदात ने राजधानी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए थे और पूरे इलाके में दहशत का माहौल पैदा हो गया था। घटना के बाद थाना हसनगंज में मुकदमा दर्ज हुआ और पुलिस ने तफ्तीश शुरू की।इस प्रकरण में नामजद और पहचान में आए कई आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी। इनमें असफाक हुसैन, तारिक महमूद, मो. शीश उर्फ रिजवान, पवन जैसवार, उज्जवल सिंह, रोहित यादव उर्फ नेपाली और गुलफाम शामिल हैं। वहीं समी अहमद उर्फ राजा और अभिषेक सिंह ने बीते फरवरी में न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया था। लेकिन इस घटना का मुख्य आरोपी मारूफ अब तक फरार चल रहा था, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। मंगलवार को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा और विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया।गिरफ्तार आरोपी मारूफ पुत्र स्वर्गीय लल्ला, नई काशीराम कॉलोनी लौलाई थाना चिनहट का निवासी है और मूल रूप से गनेशपुर थाना रुपईडिहा, जनपद बहराइच का रहने वाला है। उसकी उम्र लगभग 27 वर्ष बताई जा रही है। मारूफ के खिलाफ हसनगंज की डकैती के अलावा थाना मड़ियांव में भी गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत है।हसनगंज थाना प्रभारी निरीक्षक अमर सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक शिशिर कुमार सिंह और प्रवीण कुमार सिंह की टीम ने यह गिरफ्तारी कर बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार और वांछित अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी तेज गति से जारी रहेगा और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.