diwali horizontal

लखनऊ में चला अतिक्रमण के खिलाफ महाअभियान, नगर निगम की सख्ती से हटाए गए ठेले, झोपड़ियां और गुमटियां

0 83

लखनऊ में चला अतिक्रमण के खिलाफ महाअभियान, नगर निगम की सख्ती से हटाए गए ठेले, झोपड़ियां और गुमटियां

लखनऊ: राजधानी लखनऊ में नगर निगम ने गुरुवार को अतिक्रमण के विरुद्ध एक व्यापक और सघन अभियान चलाया। महापौर सुषमा खर्कवाल के निर्देश और नगर आयुक्त गौरव कुमार के आदेश पर यह अभियान नगर की स्वच्छता, यातायात की सुगमता और नागरिक सुविधाओं को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाया गया। कार्रवाई तीन प्रमुख जोनों में एकसाथ शुरू की गई, जिसमें कई ठेले, झोपड़ियां, गुमटियां, काउंटर और अवैध निर्माण हटाए गए तथा कई स्थानों से जब्ती की कार्रवाई की गई।नगर निगम की प्रवर्तन टीम ने सबसे पहले जोन-1 के विभिन्न प्रमुख मार्गों और चौराहों पर कार्रवाई की। राणा प्रताप मार्ग पर शनिदेव मंदिर से लेकर चिड़ियाघर गेट नंबर-2, नगर निगम मुख्यालय से नॉवेल्टी चौराहा होते हुए बाल्मीकि मार्ग और बालाकदर रोड, चारबाग के रवींद्रालय से बापू भवन और कालीदास मार्ग से 1090 चौराहे तक फैले क्षेत्रों में अस्थायी अतिक्रमण हटाया गया। इस दौरान एक ट्रक सामान जब्त किया गया। इस कार्रवाई का नेतृत्व जोनल अधिकारी ओम प्रकाश सिंह ने किया, जिनके साथ कर अधीक्षक विनय मौर्य, राजस्व निरीक्षक संजय सिंह, राजा भैया, राजेश पांडेय, राजेंद्र कुमार और प्रवर्तन विभाग की विशेष टीम 296 भी मौजूद रही।इसी तरह जोन-2 में भी अतिक्रमण हटाने की ठोस कार्रवाई की गई। यहां वार्ड राजेंद्र नगर स्थित विधायक निवास के बगल की सड़क किनारे बनी झुग्गी-झोपड़ियां और अन्य अस्थायी निर्माणों को हटाया गया। इस अभियान का नेतृत्व जोनल अधिकारी शिल्पा कुमारी ने किया। उनके साथ कर अधीक्षक ओमप्रकाश सोनी, जोनल सैनेटरी ऑफिसर राम सकल यादव, एसएफआई सचिन प्रकाश सक्सेना और राजस्व निरीक्षक रोहित सैनी ने सहयोग किया, जबकि प्रवर्तन टीम 296 ने अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।वहीं जोन-7 में सबसे सक्रिय क्षेत्र भूतनाथ में नगर निगम की टीम ने विशेष अभियान चलाया। भूतनाथ चौकी से भूतनाथ मेट्रो स्टेशन तक इलाके में फैले अतिक्रमण को हटाया गया। इस दौरान 8 ठेले, 1 काउंटर, 1 मेज, 4 स्टूल जब्त किए गए, जबकि 6 ठेले, 4 ठेलियां, 3 गुमटियां और 4 लोहे के काउंटर भी मौके से हटवाए गए। स्थानीय व्यापारियों और अतिक्रमणकारियों को दोबारा कब्जा न करने की सख्त चेतावनी दी गई। इस क्षेत्र की कार्रवाई में कर अधीक्षक राम अचल, ई.टी.एफ. और 296 प्रवर्तन टीम की सक्रिय भागीदारी रही।नगर निगम द्वारा की गई इस सख्त कार्रवाई को लेकर महापौर सुषमा खर्कवाल ने स्पष्ट रूप से कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर के नागरिकों को सुगम यातायात और स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा और इसमें कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।यह कार्रवाई न केवल नगर प्रशासन की तत्परता को दर्शाती है, बल्कि यह भी प्रमाणित करती है कि नगर निगम लखनऊ शहर को व्यवस्थित, सुंदर और अतिक्रमणमुक्त बनाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.