
पंजाब में गरीब रथ एक्सप्रेस ट्रेन में लगी भीषण आग, बाल-बाल बचे यात्री
लुधियाना से दिल्ली जा रही गरीब रथ एक्सप्रेस में शनिवार सुबह पंजाब के सरहिंद स्टेशन के पास भीषण आग लग गई. एसी बोगी में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी थी. हादसे में यात्री बाल-बाल बच गए.लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोका और सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतारा.
लुधियाना से दिल्ली जा रही गरीब रथ एक्सप्रेस की एक बोगी में शनिवार सुबह को भीषण आग लग गई. ये हादसा पंजाब के सरहिंद स्टेशन के पास हुआ. शुरुआती जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है. आग लगते ही स्टेशन पर अफरातफरी मच गई. वहीं, रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक, इस हादसे में किसी भी यात्री को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है.
उत्तर रेलवे अंबाला के डीआरएम ने कहा है कि सरहिंद जंक्शन (SIR) पर ट्रेन संख्या 12204 (अमृतसर-सहरसा गरीब रथ एक्सप्रेस) में आग लगने की सूचना मिली है. रेलवे कर्मचारियों और स्थानीय अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं. स्थिति नियंत्रण में है और अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है!