diwali horizontal

बिहार में बदलाव की बयार, जनता ने भाजपा को हटाने का मन बना लिया है : अखिलेश यादव

0 57

बिहार में बदलाव की बयार, जनता ने भाजपा को हटाने का मन बना लिया है : अखिलेश यादव

लखनऊ/पटना: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि बिहार से इस बार पूरे देश में बदलाव का संदेश जा रहा है। बिहार की जनता भाजपा और उसके सहयोगी दलों की सरकार को उखाड़ फेंकने के मूड में है। यह विधानसभा चुनाव गरीब और अमीर के बीच की लड़ाई है — एक ओर अमीर, उद्योगपति और पूंजीपति वर्ग भाजपा के साथ हैं, वहीं गरीब, किसान, नौजवान और महिलाएं इंडिया गठबंधन तथा राष्ट्रीय जनता दल के साथ मजबूती से खड़ी हैं।अखिलेश यादव ने मंगलवार को दिनारा, ओबरा और बेलागंज विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित विशाल चुनावी जनसभाओं को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार में बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और युवाओं के पलायन के लिए पूरी तरह भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार जिम्मेदार है। भाजपा झूठ बोलने वाली, भ्रष्टाचार में डूबी और जनता को धोखा देने वाली पार्टी है जिसने हर वर्ग को ठगा है और समाज में नफरत फैलाकर सामाजिक सौहार्द को कमजोर किया है।उन्होंने कहा कि भाजपा ने बिहार के गरीबों, किसानों और युवाओं का शोषण किया है। महंगाई और बेरोजगारी को बढ़ाया है, किसानों को फसल की कीमत नहीं मिल रही, जबकि भाजपा ने आय दोगुनी करने का वादा किया था। भ्रष्टाचार और घोटाले बढ़े हैं और बिहार का बजट भाजपा अपने नेताओं की जेबों में बंडलों के रूप में भर रही है। बिहार का पैसा बिहार के विकास पर खर्च होना चाहिए, नौजवानों को रोजगार मिलना चाहिए, लेकिन भाजपा ने देश और प्रदेश दोनों को कर्ज में डुबो दिया है।अखिलेश यादव ने कहा कि जबसे तेजस्वी यादव ने हर घर को रोजगार देने, 200 यूनिट मुफ्त बिजली और माताओं-बहनों को ₹2500 प्रतिमाह देने की घोषणा की है, तबसे भाजपा के नेताओं की नींद उड़ी हुई है। तेजस्वी यादव की अगुवाई में बिहार में नई सरकार बनेगी, जो हर वर्ग को सम्मान और सुरक्षा देगी और विकास के नए युग की शुरुआत करेगी।ओबरा विधानसभा क्षेत्र की सभा में उन्होंने कहा कि बिहार में महागठबंधन की लहर चल रही है। जनता ने पहले ही तय कर लिया है कि इस बार महागठबंधन की सरकार बनेगी और तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा पार्टी नहीं, बल्कि “इस्तेमाल करने वाली” पार्टी है — जो लोगों का उपयोग करती है, धोखा देती है और फिर उन्हें बर्बाद कर देती है।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा ने युवाओं से 2 करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था लेकिन एक भी नौकरी नहीं दी। इसके विपरीत, तेजस्वी यादव ने बिहार में लाखों युवाओं को रोजगार देकर पूरे देश में एक मिसाल पेश की। इसी से डरकर भाजपा ने सरकार गिरवाई, क्योंकि उन्हें डर था कि रोजगार मुद्दा बन गया तो भाजपा पूरे देश से साफ हो जाएगी।उन्होंने आगे कहा कि भाजपा के एजेंडे में न नौकरी है, न रोजगार। चुनाव से पहले भाजपा 10 हजार रुपये रिश्वत के तौर पर बांट रही है, लेकिन जनता अब उनके झांसे में नहीं आने वाली। बिहार की जनता तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने जा रही है, जो नौजवानों को रोजगार देंगे, महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे और सामाजिक न्याय के नए युग की नींव रखेंगे।अखिलेश यादव ने कहा कि आज बिहार में कानून का राज नहीं बल्कि अराजकता का बोलबाला है। खुलेआम सड़कों पर गाड़ियों से कुचलकर और गोलियों से हत्या की जा रही है। तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे तो कानून का राज स्थापित होगा और बिहार विकास व खुशहाली के रास्ते पर अग्रसर होगा।पत्रकारों के सवाल पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने कहा, “अगर उन्हें बंदरों की टोली में बैठा दिया जाए तो पहचानना मुश्किल होगा।” वहीं, नीतीश कुमार पर कटाक्ष करते हुए बोले कि अब कोई उन्हें मुख्यमंत्री नहीं बनाने वाला है, वे भाजपा के केवल “चुनावी दूल्हा” हैं। अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने पटना में हुए रोड शो में भी नीतीश कुमार को किनारे कर दिया था। बिहार की जनता अब बदलाव चाहती है, नई सरकार बनाएगी और तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री की कुर्सी सौंपेगी।उन्होंने कहा कि इस चुनाव में भाजपा की हार केवल बिहार की नहीं, बल्कि पूरे देश में सामाजिक न्याय, संविधान, लोकतंत्र और भाईचारे की जीत होगी। बिहार से उठी यह लहर पूरे देश में नया राजनीतिक और सामाजिक परिवर्तन लेकर आएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.