
फर्जी दस्तावेजों के सहारे थाईलैंड जाने की कोशिश कर रहा युवक एयरपोर्ट से गिरफ्तार
लखनऊ: लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन जांच के दौरान एक यात्री को फर्जी दस्तावेजों के आधार पर थाईलैंड जाने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया। आरोपी की पहचान कमलेश कुमार पुत्र रामानन्द यादव, निवासी ग्राम लखनौरी, पोस्ट देरवा, थाना बड़हलगंज, जिला गोरखपुर के रूप में हुई है। असल नाम कमलेश यादव है और वह 39 वर्ष का है।पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पहले भी दो पासपोर्ट बनवाए थे, जिनमें उसका नाम कमलेश यादव और जन्मतिथि 2 जुलाई 1986 अंकित थी। उन पासपोर्टों पर वह थाईलैंड गया था, लेकिन वहां कोर्ट ने उसे बिना वर्क वीजा काम करते पकड़ा, जिसके बाद उस पर थाईलैंड में प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया गया।इसके बाद आरोपी ने फर्जी दस्तावेजों के माध्यम से नाम, जन्मतिथि और पिता का नाम बदलवाकर नया पासपोर्ट (संख्या C4816204) बनवाया। नए पासपोर्ट में उसका नाम कमलेश कुमार और जन्मतिथि 10 मई 1975 दर्शाई गई। 5 मई 2025 को वह एयर एशिया की उड़ान संख्या FD-147 से डॉन मुएंग (थाईलैंड) जाने की कोशिश कर रहा था। लेकिन जब उससे वापसी टिकट और होटल बुकिंग का विवरण मांगा गया तो वह गुमराह करने लगा। जांच में पुराने पासपोर्ट की जानकारी छुपाने की बात सामने आई।इसके बाद इमिग्रेशन विभाग ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी के पास से फर्जी पासपोर्ट और आधार कार्ड बरामद किए गए हैं। थाना सरोजनीनगर में आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 158/2025 पंजीकृत किया गया है, जिसमें भारतीय दंड संहिता की धाराएं 318(4), 319(2), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस तथा पासपोर्ट अधिनियम की धारा 12 शामिल की गई हैं।पलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और बरामद दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया जारी है। गिरफ्तार करने में इमिग्रेशन विभाग और सरोजनीनगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
