
अमेठी : सूबे के जनपद अमेठी में हत्याओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। 48 घंटे के भीतर यहां हत्या के तीसरी वारदात सामने आई। जहां देर रात गांव के बाहर अज्ञात बदमाशों ने युवक की गोली मारकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। गुरुवार को सुबह ग्रामीण जब शौच के लिए गए तो युवक का शव देखा जिसके बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी जिसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना घटना स्थल का निरीक्षण किया।
पूरा मामला जिले के संग्रामपुर थाना क्षेत्र के पटाऊ का पुरवा गांव का है। जहां के रहने वाले 40 वर्षीय बृजेश सिंह किसी काम से गांव से बाहर गए थे। देर रात घर लौटते समय गांव के बाहर नहर के पास अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। गुरुवार सुबह ग्रामीण जब नहर की तरफ शौच के लिए गए तो बृजेश का शव देखा। जिसके बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई।जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। युवक की हत्या से पुलिस के उच्चाधिकारियों में भी हड़कंप मच गया और खुद अपर पुलिस अधीक्षक और क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंच गए और घटनास्थल का निरीक्षण कर हत्यारों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी।
सूचना पाकर मौके पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आवश्यक कार्यवाही में जुट गई है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही इसका खुलासा किया जाएगा।