
खाद संकट पर आम आदमी पार्टी का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन, लखनऊ में जोरदार विरोध
लखनऊ: प्रदेशभर में खाद की भारी किल्लत ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। घंटों लाइन में लगने के बावजूद किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है। खेती के मौसम में इस संकट ने न केवल उनकी बोआई बाधित कर दी है बल्कि उनकी आजीविका पर भी गहरा असर डालना शुरू कर दिया है। इसी गंभीर मुद्दे पर आम आदमी पार्टी ने शनिवार को प्रदेश के सभी तहसील मुख्यालयों पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
राजधानी लखनऊ में जिला अध्यक्ष इरम रिजवी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य भवन चौराहा कैसरबाग पर प्रदर्शन किया और उसके बाद जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रशासनिक अधिकारी को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि योगी सरकार की लापरवाही ने किसानों की कमर तोड़ दी है और यह स्थिति सीधे-सीधे किसानों के साथ अन्याय है।जिला अध्यक्ष इरम रिजवी ने कहा कि खेती का मौसम चल रहा है और किसानों को खाद उपलब्ध न कराना सरकार की घोर विफलता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल बड़े उद्योगपतियों की जेब भरने में लगी है जबकि अन्नदाता बुनियादी सुविधा के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है। यह आंदोलन सांसद और प्रदेश प्रभारी संजय सिंह के निर्देशानुसार पूरे प्रदेश के तहसील मुख्यालयों पर एक साथ चलाया गया। रिजवी ने कहा कि यह शर्मनाक है कि किसान अपनी ही धरती पर अन्न उपजाने के लिए खाद जैसी आवश्यक वस्तु के लिए तरस रहे हैं।आम आदमी पार्टी ने मांग की कि किसानों को तत्काल पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई जाए और खाद वितरण प्रणाली में व्याप्त भ्रष्टाचार व कालाबाज़ारी पर रोक लगाई जाए। खाद वितरण की प्रक्रिया को पारदर्शी बनाया जाए और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए। पार्टी ने यह भी मांग की कि खेती के मौसम को देखते हुए खाद संकट से जूझ रहे किसानों के लिए विशेष राहत पैकेज घोषित किया जाए ताकि उनकी बोआई प्रभावित न हो।कार्यक्रम में निवर्तमान प्रदेश महासचिव दिनेश पटेल, इमरान लतीफ, नूर सिद्दीकी, इस्मा जाहिर, प्रितपाल सलूजा, बी.एन. खरे, अतुल सिंह, ज्ञान सिंह कुशवाहा, बलराम साहनी, प्रियंका श्रीवास्तव, माजिद, विनोद कुमार, साहिल अंसारी, मनीष भारद्वाज, डॉली मोहन, मनोज मिश्रा, पी.के. बाजपेई, अनिल जैन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल रहे।
