
सेन्सेक्स पर सट्टा लगवाने वाला आरोपी तालकटोरा से गिरफ्तार, सट्टा पर्चियां और नगद बरामद
लखनऊ: पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के पश्चिमी जोन अंतर्गत थाना तालकटोरा पुलिस ने सेंसेक्स और विदेशी सूचकांकों के अंक आधारित सट्टा लगवाने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान पंकज यादव (उम्र 35 वर्ष), निवासी 357/22-क, सेक्टर-12, राजाजीपुरम, लखनऊ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से सट्टा पर्चियां, एक पेन और नगद ₹1320 भी बरामद किए हैं।यह कार्रवाई 18 जुलाई को मुखबिर की सटीक सूचना पर की गई। जानकारी के अनुसार, आरोपी सेंसेक्स सहित DAX, KOSPI, HANG SENG, और TAIEX जैसे विदेशी स्टॉक इंडेक्स पर सट्टा लगवाता था। सट्टा खेलने वाले लोग सूचकांकों के दशमलव के बाद के दो अंकों पर दांव लगाते थे। उदाहरण के तौर पर यदि किसी ने किसी विशेष दो अंकों पर ₹10 लगाए और वही अंक सूचकांक के बंद होते समय आए तो जीतने वाले को ₹850 तक का भुगतान किया जाता था। पर्चियों पर अंक और राशि लिखकर ग्राहक अपनी पसंद जाहिर करते थे।गिरफ्तारी के बाद थाना तालकटोरा में आरोपी के विरुद्ध मुकदमा संख्या 147/2025 अंतर्गत धारा 13 सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।इस कार्रवाई को उपनिरीक्षक प्रवीण कुमार, उपनिरीक्षक संदीप जायसवाल और हेड कांस्टेबल आनन्दमणि सिंह की पुलिस टीम ने अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि ऐसे गैरकानूनी सट्टेबाजी रैकेटों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
