
प्रधानमंत्री मोदी की प्रस्तावित सभा से पूर्व बनौली पहुंचे मुख्यमंत्री योगी, कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश
प्रधानमंत्री मोदी की प्रस्तावित सभा से पूर्व बनौली पहुंचे मुख्यमंत्री योगी, कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं चुस्त-दुरुस्त रखने के निर्देश
वाराणसी, लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को जनपद वाराणसी के सेवापुरी विकासखंड की ग्राम सभा बनौली पहुंचकर आगामी 2 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रस्तावित जनसभा की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर चल रही व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी इंतजाम समयबद्ध, व्यवस्थित और पूर्ण हों।मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से जनसभा में आने वाले लोगों के लिए स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त शौचालय, छाया और विश्राम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि सभा स्थल और उसके आस-पास सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ की जाए और यातायात संचालन को लेकर ठोस रणनीति बनाई जाए, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था या जाम की स्थिति उत्पन्न न हो।मुख्यमंत्री योगी ने पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों से कहा कि वाहनों की पार्किंग व्यवस्था सुव्यवस्थित होनी चाहिए और इसके लिए आवश्यक संख्या में पार्किंग स्थल चिह्नित किए जाएं, जिनकी समय रहते साफ-सफाई और बैरिकेडिंग सुनिश्चित हो।निरीक्षण के दौरान वाराणसी मंडल के आयुक्त एस. राजलिंगम ने मुख्यमंत्री को मानचित्र के माध्यम से जनसभा स्थल की योजना, विभिन्न प्रवेश और निकास मार्गों, वीआईपी मूवमेंट, दर्शक दीर्घा और मीडिया कवरेज ज़ोन समेत समस्त व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सभा स्थल की साफ-सफाई, मंच निर्माण, जनरेटर, पेयजल टैंक, मोबाइल टॉयलेट्स आदि की व्यवस्था तेज़ी से की जा रही है।निरीक्षण के समय श्रम एवं सेवायोजन मंत्री अनिल राजभर, आयुष एवं खाद्य सुरक्षा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ सहित अन्य जनप्रतिनिधि, शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी 2 अगस्त को बनौली गांव में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इसे लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय है। मुख्यमंत्री योगी का यह निरीक्षण प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप देने और धरातल पर काम की प्रगति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से किया गया है।
