
मारे गए पत्रकार के परिजनों से मिलने जा रहे कांग्रेस नेता रायबरेली में हिरासत में लिए गए कांग्रेस नेता
लखनऊ : बलिया में मारे गए पत्रकार रतन सिंह के परिजनों से मिलने जा रहे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू को रास्ते में ही रोक लिया गया है। रायबरेली नेशनल हाइवे पर सलोन टोल प्लाजा के पास पुलिस ने कांग्रेस नेताओं का काफिला रोक लिया। गाडि.यां रोके जाने पर अजय कुमार लल्लू अपने साथियों के साथ पैदल ही चलने लगे। पुलिस ने कांग्रेस नेता का काफी समझाने का प्रयास किया। बलिया जाने पर अड़े लल्लू को रायबरेली के सलोन में हिरासत में ले लिया गया।

पुलिस के रोकने पर लल्लू ने कहा अभी आपातकाल नहीं है जो किसी को किसी से मिलने नहीं दिया जा रहा है। इस पुलिस अफसरों ने कहा कि प्रदेश में कोविड प्रोटोकाॅल और लाॅकडाउन लागू है। आपके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया जा सकता है। पुलिस और कांग्रेस नेता के बीच मामूली बहस हुई।

हिरासत में लिए जाने से कुछ मिनट पहले लल्लू ने ट्वीट कर कहा, बलिया के पत्रकार रतन सिंह की हत्या, बेगुनाहों की हत्या को बर्दाश्त नहीं करेंगे। पत्रकार रतन सिंह के परिजनों से मिलने जा रहा हूं। भाजपा सरकार की पुलिस ने सलोन टोल पर गाड़ी रोक दी है। पैदल जा रहा हूं। गुंडाराज पे लगाम लगाओ। तानाशाह होश में आओ।

अजय कुमार लल्लू के साथ कांग्रेस महासचिव मनोज यादव, किसान कांग्रेस अध्यक्ष तरुण पटेल, लखनऊ जिला अध्यक्ष वेद त्रिपाठी, लखनऊ महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंह चौहान समेत दर्जनों कार्यकर्ता हिरासत में ले लिए गए हैं। बता दें कि सोमवार देर शाम बलिया में पत्रकार रतन सिंह की कुछ बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।