diwali horizontal

अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला: कहा- स्वदेशी का राग धोखा, बुनकरों की अनदेखी कर रही है सरकार

0 87

अखिलेश यादव का भाजपा पर हमला: कहा- स्वदेशी का राग धोखा, बुनकरों की अनदेखी कर रही है सरकार

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भाजपा और आरएसएस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि इनका स्वदेशी राग महज दिखावा और धोखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में भारत का बाजार चीनी उत्पादों से पट चुका है, जबकि देशी कारीगर और बुनकर हाशिए पर धकेले जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था पर गुजरात और कुछ बड़े पूंजीपतियों का कब्जा हो गया है, जबकि उत्तर प्रदेश के बुनकर समाज को सरकार की कोई परवाह नहीं है।समाजवादी पार्टी मुख्यालय के डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में पसमांदा मुस्लिम समाज की बैठक को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार ने बुनकरों की रोज़ी-रोटी, प्रशिक्षण, तकनीक और विपणन से जुड़ी योजनाएं चलाई थीं, लेकिन भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही इन योजनाओं को खत्म कर दिया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समाजवादी सरकार बनने पर बुनकरों की समस्याओं का ठोस समाधान किया जाएगा और उन्हें बदलते फैशन बाजार के अनुरूप तैयार किया जाएगा।
पूर्व मुख्यमंत्री ने बताया कि समाजवादी पार्टी की पिछली सरकार ने अवध शिल्पग्राम, नोएडा और गाजियाबाद में सिटी सेंटर और कारीगर बाजार की स्थापना की थी। बुनकरों को कच्चा माल, बिजली की रियायत और आधुनिक उपकरणों की सुविधा दी गई थी। लेकिन भाजपा सरकार में बिजली दरें बढ़ने से पावरलूम उद्योग तबाह हो चुका है और बुनकरों की आर्थिक स्थिति लगातार खराब हो रही है।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार रोजगार देने की बजाय उसे खत्म करने का काम कर रही है। समाजवादी पार्टी सबका सम्मान करती है और पसमांदा समाज की खुशहाली तभी संभव है जब भाजपा को सत्ता से हटाया जाए। उन्होंने कहा कि भाजपा केवल जुमलों की राजनीति करती है जबकि समाजवादी पार्टी ज़मीन से जुड़ी है और आम लोगों के दुःख-दर्द को समझती है।बैठक में पसमांदा मुस्लिम समाज के नेताओं और पदाधिकारियों ने समाजवादी पार्टी के शासनकाल को न्यायप्रिय और विकासोन्मुखी बताया। उन्होंने अखिलेश यादव को संवेदनशील और भरोसेमंद नेता बताते हुए कहा कि 2027 के चुनाव में पसमांदा समाज पूरी ताकत के साथ समाजवादी पार्टी का साथ देगा और इस बार कोई चूक नहीं होगी।बैठक में पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी, राष्ट्रीय सचिव जावेद आब्दी, विधायक आशु मलिक के साथ मुख्तार मंसूरी, इलियास मंसूरी, अंजुम अली एडवोकेट, वसीम राईनी, महबूब आलम अंसारी, शहरे आलम कुरैशी, तहसीन मंसूरी, शाहीन अंसारी, डॉ. फाजिल, कदीम आलम सहित पसमांदा समाज के कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.