diwali horizontal

स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली पर अखिलेश यादव का हमला, कहा– भाजपा सरकार में इलाज नहीं, लाठीचार्ज मिल रहा है कन्नौज की घटना को बताया अमानवीय, बोले– स्वास्थ्य विभाग भ्रष्टाचार और अराजकता का अड्डा बन चुका है

0 45

स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली पर अखिलेश यादव का हमला, कहा– भाजपा सरकार में इलाज नहीं, लाठीचार्ज मिल रहा है
कन्नौज की घटना को बताया अमानवीय, बोले– स्वास्थ्य विभाग भ्रष्टाचार और अराजकता का अड्डा बन चुका है

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर एक बार फिर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा शासन के दौरान चिकित्सा सुविधाएं पूरी तरह चरमराई हुई हैं। अस्पतालों में इलाज की जगह दुर्व्यवहार, अव्यवस्था और भ्रष्टाचार का बोलबाला है। मरीजों को न तो दवा मिल रही है, न जांचें हो रही हैं, और न ही कोई सुनवाई। सरकारी अस्पतालों से हताश होकर गरीब मरीज निजी अस्पतालों में लूट का शिकार हो रहे हैं।अखिलेश यादव ने कन्नौज की छिबरामऊ की घटना का ज़िक्र करते हुए कहा कि एक निजी अस्पताल में डॉक्टरों की लापरवाही से रूचि गुप्ता नाम की युवती की मौत हो गई। जब पीड़ित परिवार और स्थानीय लोग न्याय की मांग कर रहे थे तो भाजपा सरकार की पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सांसद सुब्रत पाठक, विधायक अर्चना पांडे और सरकार इस मामले में दोषियों को संरक्षण दे रहे हैं।पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश की स्थिति यह हो गई है कि कहीं अस्पतालों में डॉक्टर नहीं हैं, कहीं स्ट्रेचर और बेड नहीं हैं तो कहीं जरूरी जांचें महीनों से बंद पड़ी हैं। स्वास्थ्य विभाग इलाज और सेवा के लिए नहीं, बल्कि घोटालों और आगजनी की घटनाओं के लिए पहचाना जाने लगा है। उन्होंने कहा कि विभागीय मंत्री व्यवस्थाएं सुधारने के बजाय अपने निजी प्रचार और विवादित बयानों में व्यस्त रहते हैं। उन्हें आम जनता की तकलीफों से कोई सरोकार नहीं है।अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने समाजवादी शासनकाल में बनी संस्थाओं को भी उपेक्षित कर दिया है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में जौनपुर, आजमगढ़, जालौन, कन्नौज जैसे जिलों में मेडिकल कॉलेज बनाए गए थे और लखनऊ में विश्वस्तरीय कैंसर संस्थान स्थापित किया गया था। लेकिन मौजूदा सरकार ने इन संस्थानों के रखरखाव और सेवाओं के लिए पर्याप्त बजट तक नहीं दिया, जिससे सुविधाएं बदहाल हो गई हैं।अपने बयान के अंत में अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता अब सब कुछ देख और समझ रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को जनता स्वास्थ्य सेवाओं की यह दुर्दशा करने के लिए माफ नहीं करेगी और उसे करारा जवाब देगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.