diwali horizontal

तेज आंधी-तूफान में 50 से अधिक मौतों पर अखिलेश यादव ने जताया शोक, सरकार से मुआवज़े और राहत की मांग

0 57

तेज आंधी-तूफान में 50 से अधिक मौतों पर अखिलेश यादव ने जताया शोक, सरकार से मुआवज़े और राहत की मांग

LUCKNOW NEWS: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश में बीते दिनों आई आंधी, बारिश और तूफान से हुई 50 से अधिक लोगों की असामयिक मौतों पर गहरा शोक जताया है। उन्होंने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए प्रदेश सरकार से तत्काल मुआवजा और राहत कार्यों को जमीन पर उतारने की मांग की है।अखिलेश यादव ने कहा कि पिछले तीन दिनों में प्रदेश के कई जिलों में मौसम की मार से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। तेज हवाओं और बारिश से दर्जनों मकान ढह गए, कई लोग घायल हुए और कई परिवार उजड़ गए। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर समेत अन्य जिलों में जलभराव की गंभीर स्थिति बन गई है।उन्होंने बताया कि इस आपदा में अकेले लखनऊ और आसपास के 10-12 जिलों में 17 लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं कानपुर और उसके आस-पास के जिलों में 22, फतेहपुर में 6, मेरठ और बागपत में 2-2 तथा हाथरस और अलीगढ़ में 1-1 व्यक्ति की जान चली गई है। अन्य जिलों से भी जनहानि की खबरें आ रही हैं।अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार को चेताते हुए कहा कि वह केवल कागज़ी घोषणाओं से काम न चलाए, बल्कि वास्तविकता में पीड़ितों की मदद करे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आपदा प्रबंधन में असफल रही है और पिछले अनुभवों से कुछ नहीं सीखा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की घोषणाएं ज़मीन पर नहीं उतरतीं और गरीब, किसान तथा पीड़ितों की लगातार उपेक्षा की जाती है।सपा अध्यक्ष ने मांग की है कि राहत कार्यों को बिना भेदभाव के तेज़ी से लागू किया जाए और पीड़ितों को हरसंभव सहायता दी जाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनहित सर्वोपरि होना चाहिए, लेकिन भाजपा सरकार लोक कल्याण के बजाय दिखावे की राजनीति में व्यस्त है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.