diwali horizontal

अखिलेश यादव ने बिहार में की तीन जनसभाएं, कहा– भाजपा का सफाया तय, तेजस्वी बनेंगे मुख्यमंत्री

0 38

अखिलेश यादव ने बिहार में की तीन जनसभाएं, कहा– भाजपा का सफाया तय, तेजस्वी बनेंगे मुख्यमंत्री

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज बिहार के सराय रंजन, सीतामढ़ी और छपरा विधानसभा क्षेत्रों में तीन विशाल चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों को जिताने की अपील की। अखिलेश यादव ने सराय रंजन से राजद प्रत्याशी अरविन्द साहनी, सीतामढ़ी से सुनील कुशवाहा और छपरा से खेसारी लाल यादव के समर्थन में प्रचार किया।अपने संबोधन में अखिलेश यादव ने कहा कि बिहार की जनता इस बार बदलाव के लिए वोट कर रही है। भाजपा ने बिहार को गरीबी और पलायन के सिवा कुछ नहीं दिया। उन्होंने कहा कि केन्द्र में भाजपा की 10 साल और राज्य में मुख्यमंत्री की 20 साल की सरकार का हिसाब अब जनता लेने जा रही है। बिहार से भाजपा का सफाया तय है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों के कारण बिहार का नौजवान रोज़गार की तलाश में बाहर जाने को मजबूर है, लेकिन इस बार बिहार की जनता भाजपा को बाहर का रास्ता दिखाएगी।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा झूठ बोलने वाली और धोखेबाज पार्टी है। पिछले चुनावों में इस पार्टी ने युवाओं को नौकरी और किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन कोई वादा पूरा नहीं किया। उन्होंने कहा कि अब जनता भाजपा की असलियत जान चुकी है और इस चुनाव में उसे जवाब देगी।छपरा में आयोजित विशाल जनसभा में अखिलेश यादव ने कहा कि यहां की जनता खेसारी लाल यादव को छप्पर फाड़ कर वोट देगी और भारी मतों से जिताएगी। उन्होंने कहा कि बिहार में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने जा रही है और भाजपा का सफाया निश्चित है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने भारी भरकम जीएसटी लगाकर महंगाई बढ़ाई और जनता की जेब काटी, अब उसी का उत्सव मना रही है।अखिलेश यादव ने कहा कि जब तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे तो नौजवानों को नौकरी मिलेगी, सिलेंडर 500 रुपये में मिलेगा, माताओं-बहनों को 2500 रुपये प्रतिमाह दिया जाएगा और 200 यूनिट बिजली मुफ्त दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बिहार का विकास आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे की तर्ज पर होगा।उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव छपरा को पटना से जोड़ेंगे और हम लखनऊ से जोड़ देंगे। दोनों मिलकर यूपी और बिहार को दिल्ली से जोड़ेंगे। जनसभा में अखिलेश यादव के पहुंचते ही भारी भीड़ ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। लोगों में उनके प्रति उत्साह और जोश देखने लायक था।

Leave A Reply

Your email address will not be published.