diwali horizontal

अखिलेश यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन को दी श्रद्धांजलि, भाजपा पर साधा निशाना

0 58

अखिलेश यादव ने पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन को दी श्रद्धांजलि, भाजपा पर साधा निशाना

रांची/रामगढ़: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज रांची होते हुए रामगढ़ के निमरा पहुंचकर झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने शिबू सोरेन के पुत्र और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तथा उनके परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने श्रीमती रूपी सोरेन, विधायक श्रीमती कल्पना सोरेन और परिवार के अन्य सदस्यों से भी भेंट की।रांची में मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि शिबू सोरेन ने आदिवासी समाज के अधिकारों और सम्मान के लिए जीवनभर संघर्ष किया, नई पार्टी खड़ी की और झारखंड राज्य के निर्माण के लिए लड़ाई लड़ी। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस संघर्ष और विचारधारा की विरासत को आगे बढ़ाएंगे।भाजपा पर हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा जनता से मतदान का अधिकार छीनने की कोशिश कर रही है और एसआईआर के बहाने बड़े पैमाने पर वोटों का हेरफेर करना चाहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा अंग्रेजों से ली गई है, जो ‘फूट डालो, राज करो’ की नीति पर चलती है और हिंदू-मुसलमान के बीच नफरत फैलाकर सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाती है।फतेहपुर में मकबरे पर तोड़फोड़ की घटना पर उन्होंने सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि वीडियो में नजर आने वाले सभी लोगों को जेल भेजा जाए और कार्रवाई न करने वाले जिलाधिकारी व एसपी को तत्काल हटाया जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था ध्वस्त है, महंगाई और बेरोजगारी बढ़ रही है, विकास कार्य ठप हैं और भाजपा सरकार जनता का ध्यान भटकाने के लिए सौहार्द बिगाड़ने की साजिश कर रही है।अखिलेश यादव ने कहा कि फतेहपुर जैसी घटनाएं भाजपा की कमजोर होती पकड़ का संकेत हैं। “जब-जब भाजपा की पोल खुलती है, तब-तब वे सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करते हैं, लेकिन जनता अब उनकी इन चालों को समझ चुकी है,” उन्होंने कहा। साथ ही व्यंग्य करते हुए पूछा कि “देखना ये है कि इस घटना के दोषियों की शिनाख्त लखनऊ के ड्रोन करेंगे या दिल्ली वालों के ड्रोन।”

Leave A Reply

Your email address will not be published.