diwali horizontal

अखिलेश यादव ने कहा- भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था, स्वास्थ्य और शिक्षा बर्बाद, दलित और महिलाओं पर अत्याचार चरम पर

0 52

अखिलेश यादव ने कहा- भाजपा सरकार में कानून व्यवस्था, स्वास्थ्य और शिक्षा बर्बाद, दलित और महिलाओं पर अत्याचार चरम पर

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित करते हुए भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा समाज में नफरत फैलाती है और विघटन पैदा करती है। उत्तर प्रदेश में अपराधियों से प्रशासन की सांठ-गांठ है और प्रदेश की कानून व्यवस्था, स्वास्थ्य और शिक्षा पूरी तरह बर्बाद हो चुकी है।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में जातीय उत्पीड़न और भेदभाव चरम पर हैं। उन्होंने भाजपा को “बहुत बड़ी जातिवादी पार्टी” करार दिया और कहा कि मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश को तबाह करने पर तुले हुए हैं। उन्होंने गोमती नदी समेत अन्य नदियों की दुर्दशा का ठीकरा भी मुख्यमंत्री पर फोड़ा और कहा कि समाजवादी सरकार में गोमती नदी पर सबसे सुंदर रिवर फ्रंट बनाया गया था, सफाई की व्यवस्था की गई थी, लेकिन भाजपा सरकार ने सब बर्बाद कर दिया।उन्होंने महिलाओं और दलितों पर बढ़ते अपराधों की ओर ध्यान दिलाते हुए कहा कि प्रदेश में हर दिन बलात्कार, हत्या और लूट जैसी घटनाएं हो रही हैं। समाजवादी सरकार में बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा के लिए 1090 वीमेन पावर लाइन सेवा चलाई गई थी, जिसे सुप्रीम कोर्ट ने भी सराहा था, लेकिन भाजपा सरकार ने इसे समाप्त कर दिया।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में किसी को न्याय नहीं मिल सकता। गरीबों को सरकारी अस्पतालों में इलाज नहीं मिल रहा है, डॉक्टरों की भारी कमी है और गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध नहीं हैं। मरीज मजबूरी में निजी अस्पतालों पर निर्भर हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार में सरकारी अस्पतालों में इलाज और दवाएं मुफ्त होती थीं और अगर उनकी सरकार आएगी तो फिर गरीबों का इलाज मुफ्त होगा। दिव्यांगों को उनकी सुविधा के लिए इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर भी उपलब्ध कराई जाएगी।उन्होंने कानून व्यवस्था पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार फर्जी एनकाउंटर कर रही है, लेकिन कानून व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा। अच्छे अधिकारियों की नियुक्ति के बिना कानून व्यवस्था में सुधार संभव नहीं है।इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरनमय नंदा, राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, राबर्ट्सगंज-सोनभद्र से सांसद छोटेलाल खरवार, विधायक राम मूर्ति वर्मा, प्रदीप यादव, अताउर रहमान, अमिताभ बाजपेई, आनंद यादव सहित कई अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश के भविष्य के लिए भाजपा सरकार को हटाना आवश्यक है, अन्यथा जनता का भला नहीं होगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.