diwali horizontal

अखिलेश यादव बोले – समाजवादी सरकार के कार्य बने देश के लिए उदाहरण, 2027 में फिर लौटेगा विकास का दौर

0 64

अखिलेश यादव बोले – समाजवादी सरकार के कार्य बने देश के लिए उदाहरण, 2027 में फिर लौटेगा विकास का दौर

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि समाजवादी सरकार के कार्य आज भी देश-दुनिया में सराहे जा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी सरकार के दौरान उत्तर प्रदेश में जो विकास कार्य हुए, वे विश्वस्तरीय हैं और प्रदेश की पहचान को वैश्विक मंचों तक ले जाने वाले साबित हुए हैं।अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार ने लखनऊ में अंतरराष्ट्रीय स्तर का इकॉना क्रिकेट स्टेडियम, अत्याधुनिक पुलिस मुख्यालय की सिग्नेचर बिल्डिंग, एशिया का सबसे बड़ा जनेश्वर मिश्र पार्क, विश्वस्तरीय गोमती रिवरफ्रंट, लखनऊ मेट्रो और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे जैसी योजनाओं का निर्माण कराया, जिनकी आज भी प्रशंसा हो रही है।उन्होंने कहा कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे देश का पहला ऐसा एक्सप्रेसवे है जिस पर वायुसेना के लड़ाकू विमान उतारे गए। इसका निर्माण रिकॉर्ड 23 महीनों में पूरा हुआ था और उद्घाटन के मौके पर सुखोई, मिराज और हरक्यूलिस जैसे एयरक्राफ्ट सफलतापूर्वक उतारे गए।पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि “समाजवादी सरकार में हर कार्य दूरदृष्टि और विश्वस्तरीय सोच के साथ किया गया। जब महान क्रिकेटर कपिल देव ने लखनऊ स्थित सिग्नेचर पुलिस मुख्यालय की प्रशंसा की, तो हमें बेहद गर्व और संतोष हुआ।”अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार ने आईटी सिटी जैसी परियोजनाओं के जरिए हजारों पढ़े-लिखे नौजवानों को रोजगार दिया। किसानों के लिए आधुनिक मंडियों, दुग्ध प्रोसेसिंग प्लांटों और फोरलेन सड़कों का निर्माण कर प्रदेश को प्रगति के पथ पर अग्रसर किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने इन तमाम विकास योजनाओं को या तो रोक दिया या उन्हें बर्बाद कर दिया।उन्होंने कहा कि भाजपा शासन में विकास की गति थम गई है और प्रदेश को विनाश की ओर धकेला जा रहा है। प्रदेश की जनता 2027 में एक बार फिर समाजवादी सरकार को सत्ता में लाकर रुके हुए विकास को गति देना चाहती है। उन्होंने भरोसा जताया कि अगली सरकार बनने पर नए विकास की नींव रखी जाएगी और उत्तर प्रदेश में फिर से खुशहाली लौटेगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.