
लखनऊ: छठ पूजा के मद्देनजर रविवार को जिलाधिकारी सूर्य पाल गंगवार ने लक्ष्मण मेला मैदान स्थित छठ पूजा स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्हें पूजा स्थल पर सभी तैयारियां पूरी मिली।छठ पर्व के इस आयोजन में अत्यधिक संख्या में लोगों के शामिल होने के दृष्टिगत ज़िलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी घाटों पर कोविड-19 प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन कराया जाए।
साथ ही छठ पूजा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं से ज़िलाधिकारी ने अपील की की है कि वे अपनी और दूसरों की सुरक्षा को देखते हुए अनिवार्य रूप से मास्क का प्रयोग अवश्य करें ज़िलाधिकारी ने अयोजन की तैयारियों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि छठ पर्व के इस भव्य आयोजन के दृष्टिगत नगर आयुक्त अपर जिलाधिकारियों समस्त अपर नगर मजिस्ट्रेट, समस्त जोनल अधिकारियों को इस कार्य मे लगाया गया है जो सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेंगे।
साथ ही उन्होंने छठ पूजा के मद्देनजर मुख्य रूप से सफाई व्यवस्था व मार्ग प्रकाश हाईमास्क पार्किंग, रैम्प आदि की व्यवस्था को तत्काल सुनिश्चित कराते हुए फायर सेफ्टी विद्युत सुरक्षा व स्ट्रक्चरल सुरक्षा सम्बंधित प्रमाण पत्र तत्काल प्राप्त करने के निर्देश दिए साथ ही उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जब महिलाएँ डूबते सूर्य को अर्ध देने के लिए घाटों पर उपस्थित होगी तो उस समय धूल मिट्टी न उड़े इसके लिए नगर निगम के द्वारा जल छिड़काव कराना सुनिश्चित करे।
गंगवार ने यह भी बताया कि छठ पूजा के दृष्टिगत घाटों को स्वच्छ रखने के लिए जिला प्रशासन व नगर निगम द्वारा ज़ीरो वेस्ट छठ पूजा मुहिम चलाई जा रही है जिसमे प्रत्येक घाटों पर डस्टबिन लगाए गए है,और गोमती नदी को स्वच्छ रखने के उद्देश्य से अर्पण कलश भी लगाए गए है ताकि श्रद्धालु अर्पण सामग्री को सीधे गोमती नदी में न विसर्जित करके सामग्री को अर्पण कलशों में विसर्जित करें। इस लिए सभी घाटों पर 50 वालेंटियर भी लगाए गए है। जो कि श्रद्धालुओं को सहयोग प्रदान करेंगे।
उक्त के साथ ही ज़िलाधिकारी ने पूजा में शामिल होने वाले समस्त श्रद्धालुओं से अपील की है कि सभी घाटों पर साफ सफाई का विशेष ध्यान दे घाटों पर लगाए गए डस्टबिन का प्रयोग करें जिलाधिकारी गंगवार ने घाट का निरीक्षण किया और वहाँ की साफ सफाई व सुरक्षा व्यवस्थाओं को देखा। अपर नगर आयुक्त ने जिलाधिकारी को बताया कि घाटों पर पर्याप्त मात्रा में नावों और गोताखोरों की व्यवस्था सुनिश्चित कर दी गई है ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से तत्काल निपटा जा सके साथ ही सभी घाटों पर एम्बुलेंस की व्यवस्था भी सुनिश्चित कराया गया है उक्त के साथ ही सभी घाटों के पास मोबाईल शौचालय व महिलाओं के लिये चेंजिंग रूम की व्यवस्था भी कराई गई है।