
अमेठी : जिले के बाज़ार शुक्ल थाना क्षेत्र के उरेरमऊ स्थित एक व्यापारी ने दिनदहाड़े उसकी दुकान में तीन लाख की चोरी का आरोप लगाया है। आरोप है कि स्थानीय थाने में कई बार शिकायत करने के बाद भी उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई। जिसके बाद उसने मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों सहित मुख्यमंत्री से भी की है।
क्षेत्राधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र के अनुसार पीड़ित विजय सिंह उरेरमऊ में हार्डवेयर व इलेक्ट्रिक की दुकान चलाता है। आरोप है कि बीते 4 नवंबर को सुबह करीब 11 बजे हरख बहादुर सिंह पुत्र हौसला सिंह, कांति सिंह पत्नी हरख बहादुर सिंह, राजकुमारी पत्नी मान सिंह अपने 3-4 अज्ञात साथियों के साथ पहले सीसीटीवी कैमरे का तार काटा फिर ताला तोड़कर करीब 3 लाख के माल पर हाथ साफ कर दिया। पीड़ित को इसकी सूचना फोन से मिली। पीड़ित जब दुकान पर पहुंचा तो शटर का ताला टूटा हुआ था और सामान गायब था। जिसके बाद उसने घटना की सूचना स्थानीय थाने में दी लेकिन आरोप है कि थाने में उसकी नहीं सुनी गई।
वहीं इस पूरे मामले में थाना अध्यक्ष रवीन्द्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों का पिछले करीब छः महीनों भवन के बंटवारे को लेकर विवाद है, जो न्यायालय में विचाराधीन है। मामले में निरोधात्मक कार्यवाही की गई है और अन्य आरोपों की जांच की जा रही है।