diwali horizontal

अम्बाला रोड बस स्टैंड नगर निगम ने कराया खाली

0 88

सहारनपुर(सिटीजन वॉयस संवाददाता) : अम्बाला रोड़ स्थित रोड़वेज बस स्टैण्ड को आज सुबह नगर निगम द्वारा खाली करा लिया गया और निगम भूमि की बैरिकेटिंग करा दी गयी। बस स्टैण्ड खाली होने के बाद दोपहर में नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह के साथ मण्डलायुक्त डा. लोकेश एम. ने खाली हुए बस स्टैण्ड स्थल का निरीक्षण किया। अपर नगर आयुक्त राजेश यादव के नेतृत्व में कर अधीक्षक विनय शर्मा व प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल बी.एस. नेगी बुधवार सुबह जे.सी.बी. और पोकलेन लेकर अम्बाला रोड़ स्थित बस स्टैण्ड पहुंचे, तो वहां बस संचालकों और दुकानदारों में खलबली मच गयी।

नगरायुक्त के निर्देश पर निगम अधिकारियों ने नगर निगम की भूमि पर चल रहा बस स्टैण्ड खाली करा लिया और बसो को वहां से हटा दिया। बाद में निगम अधिकारियों द्वारा जे.सी.बी. व पोकलेन की मदद से बस स्टैण्ड के गेट पर मार्ग की खुदाई कर बसो के आने-जाने का मार्ग भी बन्द कर दिया गया। साथ ही बस स्टैण्ड स्थित दुकानदारों को भी शीघ्रातिशीघ्र अपनी दुकानें हटाकर निगम की भूमि खाली करने के निर्देश दिये।

नगरायुक्त ज्ञानेन्द्र सिंह ने बताया कि नगर निगम द्वारा अम्बाला रोड़ स्थित अपनी भूमि को खाली करने के लिए रोड़वेज को कई नोटिस दिये जा चुके थे लेकिन रोड़वेज के अधिकारी टाल-मटोल करते रहे। जिससे उक्त भूमि पर प्रस्तावित मल्टीलेवल कार पार्किंग, वुड कार्विंग मार्किट और माॅल बनाने के प्रोजेक्ट में विलम्ब हो रहा था। उन्होंने बताया कि उक्त भूमि पर जल्दी ही स्मार्ट सिटी के तहत उक्त प्रोजेक्ट का काम शुरू कर दिया जायेगा। कार्यवाही के दौरान राजस्व निरीक्षक अक्षय कपिल, विकास, टी.सी. रविन्द्र के अलावा प्रवर्तन दल के नरेश, हेमराज, प्यार सिंह, पवन, प्रदीप, शिव कुमार, प्रवीण, विक्रम, नवाबुद्दीन, जगपाल व रणदीप आदि मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.