diwali horizontal

पीएम की डिग्री पर सवालों के बीच आप का भाजपा पर हमला, लखनऊ में प्रेस वार्ता कर ईडी छापे को बताया साज़िश

0 62

पीएम की डिग्री पर सवालों के बीच आप का भाजपा पर हमला, लखनऊ में प्रेस वार्ता कर ईडी छापे को बताया साज़िश

लखनऊ: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की डिग्री को लेकर उठे विवाद के बीच आम आदमी पार्टी ने मंगलवार को केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला। लखनऊ प्रेस क्लब में आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में आप के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता वंशराज दुबे, अयोध्या प्रांत अध्यक्ष विनय पटेल और पार्टी नेता मनोज मिश्रा ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री की “फर्जी डिग्री” से ध्यान भटकाने के लिए ईडी ने दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज के घर छापा मारा है।वंशराज दुबे ने कहा कि ईडी-भाजपा जिन अस्पताल निर्माण मामलों को लेकर 31 जगहों पर छापेमारी कर रही है, वे 2016 से 2018 के बीच के हैं। उस दौरान सौरभ भारद्वाज मंत्री पद पर थे ही नहीं, वह तो 2023 में मंत्री बने। ऐसे में गैर-मंत्री के खिलाफ केस बनाना फर्जी और बेबुनियाद है। उन्होंने कहा कि इसी तरह के एक मामले में सत्येंद्र जैन को चार साल जेल में रखा गया और अंततः ईडी-सीबीआई को क्लोजर रिपोर्ट दाखिल करनी पड़ी। दुबे ने तंज कसते हुए कहा—“जो प्रधानमंत्री कहते हैं कि मैं फकीर हूं, झोला उठाकर चल दूंगा, वही जनता से अपनी डिग्री तक छुपा रहे हैं। आज अगर वह डिग्री नहीं दिखा रहे, तो कल झोले में क्या छुपाकर ले जाएंगे, यह कोई नहीं जानता।”अयोध्या प्रांत अध्यक्ष विनय पटेल ने कहा कि भाजपा बार-बार ईडी और सीबीआई का दुरुपयोग कर आप नेताओं पर दबाव बनाने की कोशिश करती है। यह सब प्रधानमंत्री की डिग्री पर उठ रहे सवालों से ध्यान भटकाने की “घटिया साज़िश” है। उन्होंने कहा—“प्रधानमंत्री को जनता के सामने आकर साफ-साफ डिग्री दिखानी चाहिए। आखिर इसमें शर्म कैसी है?” पटेल ने दावा किया कि आप के सभी नेता इस मामले में भी निर्दोष साबित होंगे और शिक्षा व स्वास्थ्य क्षेत्र में पार्टी का मिशन जारी रहेगा।आप नेता मनोज मिश्रा ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी अपने सदस्यों को उनकी शिक्षा और ईमानदारी के आधार पर चुनती है, जबकि भाजपा में देखा जाता है कि कौन कितना हिंदू-मुस्लिम कर सकता है। उन्होंने कहा—“प्रधानमंत्री मोदी शिक्षा क्रांति से डरे हुए हैं, इसलिए ईडी और सीबीआई के जरिए आप नेताओं को फंसाने का प्रयास करते हैं। लेकिन आप का हर कार्यकर्ता अरविंद केजरीवाल का सिपाही है और सच के लिए संघर्ष करता रहेगा।”इस प्रेस वार्ता में आप नेताओं ने दोहराया कि ईडी की कार्रवाई पूरी तरह राजनीतिक है और इसे जनता को भ्रमित करने की कोशिश के रूप में देखा जाना चाहिए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.