diwali horizontal

लखनऊ क्षेत्र के विकास और योजनाओं की पहुँच बढ़ाने को लेकर असीम अरुण ने जनप्रतिनिधियों संग की बैठक, युवाओं के लिए रोजगार पर रहा विशेष फोकस

0 63

लखनऊ क्षेत्र के विकास और योजनाओं की पहुँच बढ़ाने को लेकर असीम अरुण ने जनप्रतिनिधियों संग की बैठक, युवाओं के लिए रोजगार पर रहा विशेष फोकस

लखनऊ: लखनऊ क्षेत्र के समग्र विकास और सरकारी योजनाओं के लाभ को पात्र परिवारों तक सुलभता से पहुँचाने को लेकर रविवार को समाज कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) व सदर विधायक असीम अरुण ने गोमतीनगर स्थित भागीदारी भवन में कन्नौज जनपद के जनप्रतिनिधियों के साथ विस्तृत चर्चा की। बैठक में मुख्य रूप से युवाओं को रोजगारपरक योजनाओं से जोड़ने, लंबित विकास परियोजनाओं को पुनः सक्रिय करने और शासन स्तर से समन्वय के जरिए स्थानीय समस्याओं के समाधान की दिशा में रणनीति बनाई गई।मंत्री असीम अरुण ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि क्षेत्र के हर जनप्रतिनिधि को अपने-अपने क्षेत्र की दो ऐसी विकास योजनाएं चिन्हित करनी चाहिए जिनसे नागरिकों को प्रत्यक्ष लाभ मिले। ऐसी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के लिए सभी प्रतिनिधि एकजुट होकर कार्य करें। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ ऐसी महत्वपूर्ण परियोजनाएं भी चिह्नित की जाएं जो किसी कारणवश रुकी हुई हों अथवा जिनके लिए शासन स्तर पर सहायता की आवश्यकता हो।बैठक में युवाओं और महिलाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए योजनाबद्ध प्रयासों पर जोर दिया गया। असीम अरुण ने कहा कि युवाओं को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाना आवश्यक है, ताकि वे प्रशिक्षण, ऋण और मार्गदर्शन की सहायता लेकर स्वरोजगार के रास्ते पर आगे बढ़ सकें। इसके लिए हर स्तर पर सहयोग देने के निर्देश भी दिए गए।बैठक में निर्णय लिया गया कि सरकार की जो भी जनकल्याणकारी योजनाएं हैं—चाहे वह मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना हो, कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम हों या समाज कल्याण विभाग की अन्य योजनाएं—उनकी जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाई जाए, ताकि पात्र व्यक्ति बिना भटके उनका लाभ उठा सकें।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि ओमकार शाक्य, विधायक तिर्वा कैलाश राजपूत, पूर्व सांसद सुब्रत पाठक, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष आनंद कुमार सिंह, क्षेत्रीय मंत्री देवेंद्र देव गुप्ता, निवर्तमान जिलाध्यक्ष नरेंद्र सिंह राजपूत, जिला महामंत्री हरिबक्श सिंह, शैलेंद्र द्विवेदी, रामवीर कठेरिया, सौरभ कटियार, ब्लॉक प्रमुख रामू कठेरिया, अजय वर्मा, प्रमुख प्रतिनिधि कमलेश बॉथम, पुष्पेंद्र शाक्य, पुच्ची ठाकुर, बादाम पाल, अवनीश दोहरे, संदीप चतुर्वेदी और चेयरमैन मनोज दुबे सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।बैठक में यह भी तय किया गया कि आगामी सप्ताहों में विभिन्न ब्लॉकों और गांवों में रोजगार और योजनाओं से जुड़ी कार्यशालाएं भी आयोजित की जाएंगी, ताकि लोगों को योजनाओं की प्रक्रिया और लाभ की जानकारी सीधे तौर पर दी जा सके। मंत्री असीम अरुण ने सभी से अपील की कि वे जनहित को सर्वोपरि रखते हुए समर्पण और निष्ठा के साथ कार्य करें, क्योंकि क्षेत्र का विकास सामूहिक प्रयासों से ही संभव है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.