
आजमगढ़ : जिले में लगातार एडस मरीजों की संख्या घटती जा रही है। 21 सितम्बर 2011 से 30 अक्टूबर 2021 तक के आंकड़े पर यदि नजर डालें तो यह संख्या 7398 मरीजों की है। पिछले तीन वर्षों में लगातार संख्या कम होती जा रही है। इसके पीछे जिले में स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से जागरूक किया जा रहा है। जिससे लोगों को संक्रमण से बचाया जा सके।
जिले में एडस रोकथाम के प्रभारी सीएमओ डा. परवेज अख्तर ने बताया कि जिले में जिन क्षेत्रों में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ी हैं, वहां पर जागरूकता कैम्प लगाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है, जिससे मरीजों की संख्या को कम किया जा सके। जिले में यदि आंकड़ो पर नजर डालें तो तीन वर्षों से लगातार यह संख्या कम हो रही है। एक अप्रैल 2019 से 31 मार्च 2020 तक कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 706 थी, जिसमें 72 की मौत हो गई, वहीं 1 अप्रैल 2020 से 31 मार्च 2021 तक यह संख्या कम होकर 384 रह गई। इसमें से 14 की मौत हुई, जबकि 1 अप्रैल 2021 से 31 अक्टूबर 2021 तक यह संख्या 238 है। इसमें 14 की मौत हो गई है।
जिले में हैं 9 ICTC सेन्टरडा. परवेज अख्तर ने बताया कि जिले में 9 इन्टीग्रेटेड काउंसलिंग ट्रीटमेंट सेंटर बनाए गए हैं, जहां इन मरीजों की जांच होती है। जिले में दो और सेन्टर प्रस्तावित है जिसका निर्माण बहुत जल्द हो जाएगा। ऐसे में यह संख्या बढ़कर 11 हो जाएगी। इसके साथ ही जिले में गोष्ठियां, जागरूकता रैलियों के माध्यम से लोगों को इस बीमारी के बारे में जागरूक किया जाता है, जिससे संक्रमण से बचाव हो सके।