diwali horizontal

अयोध्या के संतों और विहिप ने उद्धव ठाकरे को दी चेतावनी, कंगना का किया समर्थन

0 280

कहा, उद्धव या शिवसेना का कोई नेता अयोध्या आया तो झेलना पड़ेगा विरोध

लखनऊ : अभिनेत्री कंगना रनौत को अयोध्या के संत समाज और विश्व हिन्दू परिषद का भी साथ मिल गया है। रामनगरी के संतों ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को अयोध्या न आने की चेतावनी दी है। संतों ने कहा है कि उद्धव ठाकरे यदि अयोध्या आए तो उनका स्वागत नहीं होगा बल्कि उन्हें संत समाज का विरोध झेलना पड़ेगा। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत नरेन्द्र गिरि ने भी उद्धव ठाकरे को अयोध्या न आने की धमकी दी है। महंत नरेन्द्र गिरि ने कंगना रनौत को देश की बेटी बताते हुए उनके खिलाफ हो रही कार्रवाई को अनुचित बताया है

शुक्रवार को मीडियाकर्मियों के साथ एक बातचीत में हनुगढ़ी मंदिर के पुजारी और महंत राजू दास ने कहा, बीएमसी ने कंगना का दफ्तर तोड़कर अच्छा नहीं किया। पालघर में दो संतों की हत्या के दोषियों के खिलाफ महाराष्ट्र सरकार अब तक कार्रवाई नहीं कर सकी है, लेकिन कंगना रनौत का कार्यालय तोड़ने में बिलकुल समय बर्बाद नहीं किया। महंत राजू दास ने कहा कि अब अयोध्या में उद्धव ठाकरे या शिवसेना को कोई भी नेता आया तो उसका विरोध होगा। उद्धव ठाकरे के अयोध्या दौरे की बात करें तो वह 24 नवंबर 2018 को रामनगरी आए थे। इसके बाद 16 जून 2019 और फिर मुख्यमंत्री बनने के बाद मार्च 2020 में अयोध्या आए थे

अब पहले जैसी नहीं रही शिवसेना: महंत कन्हैया दास

 

संत समाज के प्रमुख महंत कन्हैया दास ने कहा, महाराष्ट्र सरकार कंगना के खिलाफ इतना हमलावर क्यों हैं? इसे आसानी से समझा जा सकता है। इसमें कोई रहस्य नहीं है। महंत कन्हैया दास ने कहा कि शिवसेना अब वैसी नहीं रही, जैसी बाला साहब ठाकरे के समय हुआ करती थी। उद्धव ठाकरे सरकार असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों को बचाने की कोशिश कर रही है

कंगना रनौत बहादुर और हिम्मत वाली बेटी : विहिप अध्यक्ष

विहिप अध्यक्ष महंत नरेन्द्र गिरि ने अपने बयान में कहा, कंगना रनौत बहादुर और हिम्मत वाली बेटी है। उसने बाॅलीवुड के माफियाओं और ड्रग माफियाओं का भांडा फोड़ दिया है। कंगना ने बिना डरे फिल्म इंडस्टी में समुदाय विशेष के वर्चस्व के खिलाफ खुलकर आवाज बुलंद की है। कंगना से न केवल बॉलिवुड के माफिया डर गए हैं, बल्कि उद्धव ठाकरे सरकार के भी कदम उखड़ रहे हैं

जानबूझकर कंगना रनौत को निशाना बना रही शिवसेना

 

विहिप के क्षेत्रीय प्रवक्ता शरद शर्मा ने कहा, हर कोई जान गया है कि शिवसेना जानबूझकर कंगना रनौत को निशाना बना रही है। क्योंकि वह राष्ट्रवादी ताकतों का समर्थन कर रही हैं। उसने मुंबई के ड्रग माफिया के खिलाफ आवाज उठाई है। श्री शर्मा ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार अभिनेत्री के खिलाफ बदले की भावना से कार्रवाई कर रही है

चौतरफा घिरी उद्धव ठाकरे सरकार

बता दें कि अभिनेत्री कंगना रनौत के साथ विवाद खड़ा कर महाराष्ट्र की उद्धव ठाकरे सरकार ने मुसीबत मोल ले ली है। बांद्रा स्थित कंगना के दफ्तर में बीएमसी द्वारा ऑनन-फानन नोटिस देने की रस्म अदायगी और फिर तोड़फोड़ से देश भर में आक्रोश है। पालघर में संतों की हत्या करने वालों के खिलाफ अब तक कार्रवाई न होना, सुशांत केस में मुंबई पुलिस का गैरजिम्मेदाराना रवैया अख्तियार करना और अब कंगना के खिलाफ बदले की भावना से ताबड़तोड़ कार्रवाई से उद्धव ठाकरे सरकार चौतरफा घिर गई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.