
जिलाधिकारी के प्रयास से इंकारी लोगों ने कराया वैक्सीनेशन

बहराइच : कोविड संक्रमण से बचाव हेतु संचालित देशव्यापी टीकाकरण अभियान के निरीक्षण हेतु तहसील पयागपुर के ब्लाक विशेश्वरगंज के ग्राम गंगवल पहुॅचने पर उप जिलाधिकारी पयागपुर कीर्ति प्रकाश भारती के नेतृत्व में बीडीओ अमित मिश्रा, प्रभारी चिकित्साधिकारी उत्कर्ष, नायब तहसीलदार विनीत सिंह की टीम ने पाया कि सही जानकारी न होने के कारण विशेष समुदाय के लोगों द्वारा टीकाकरण नहीं कराया जा रहा है। यहाॅ पर 03 बार शिविर आयोजन के पश्चात टीकाकरण शून्य की स्थिति पायी गयी।
ग्राम गंगवल में विशेष समुदाय द्वारा वैक्सीनेशन न कराये की स्थिति का संज्ञान लेते हुए जिलाधिकारी डाॅ. दिनेश चन्द्र ने तत्काल उप जिलाधिकारी पयागपुर को आवश्यक टिप्स व निर्देश देते हुए सुझाव दिया कि सर्वप्रथम ग्राम प्रधान को टीकाकरण के लिए प्रेरित किया जाये ताकि दूसरे ग्रामवासी भी प्रेरित होकर स्वतः ही वैक्सीनेशन के लिए आगे आयेंगे। जिलाधिकारी के सूत्र वाक्य से प्रभावित होकर ग्राम प्रधान ने जहाॅ एक ओर स्वयं का टीकाकरण कराया वहीं दूसरी ओेर प्रेरणादायक वीडियो बनाकर स्थानीय सोशल मीडिया एवं व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से व्यापक रूप से प्रचारित व प्रसारित भी कराया। जिलाधिकारी डाॅ. दिनेश चन्द्र के मार्गदर्शन में उप जिलाधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती व उनकी टीम के प्रयास तथा ग्राम प्रधान के प्रेरक वीडियो के प्रभाव का असर यह हुआ कि उसी दिन टीकाकरण केन्द्र पर 40 वैक्सीनेशन के लक्ष्य के साथ प्रारम्भ हुए शिविर में लोगों के सामूहिक रूप से प्रतिभाग करने पर 140 से अधिक लोगों द्वारा वैक्सीनेशन कराया गया।
डीएम की जनसुनवाई के समय मौजूद रहेंगे अन्य अधिकारी

दिवसवार तैनात किये गये अधिकारी
बहराइच : जिलाधिकारी डा. दिनेश चन्द्र के जन सुनवाई कार्य को सुचारू रूप से संचालित किये जाने के उद्देश्य से दिवस वार अधिकारियों की तैनाती की गयी है। तैनात किये गये अधिकारी पूर्वान्ह 11ः00 बजे से अपरान्ह 01ः00 बजे तक जिलाधिकारी के साथ चैम्बर में मौजूद रहेंगे ताकि आने वाले फरियादियों की समस्याओं का निस्तारण प्रभावी ढंग से कराया जा सके। अधिकारियों की तैनाती का मुख्य उद्देश्य यही है कि शासन की मंशानुरूप आमजन की समस्याओं का त्वरित व प्रभावी निस्तारण हो सके।
दिवसवार अधिकारियों की तैनाती के सम्बन्ध में पूर्व में जारी आदेश के अनुसार सोमवार को अपर जिलाधिकारी व जिला विकास अधिकारी, मंगलवार को मुख्य राजस्व अधिकारी व जिला विकास अधिकारी, बुधवार को नगर मजिस्ट्रेट व जिला विकास अधिकारी मौजूद रहेगें। जबकि बृहस्पतिवार, शुक्रवार व शनिवार को अतिरिक्त मजिस्ट्रेट बाबूराम व उपायुक्त स्वतः रोजगार जन सुनवायी के समय जिलाधिकारी चैम्बर में मौजूद रहेंगे। इसी प्रकार समस्त उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, खण्ड विकास अधिकारी के द्वारा भी पूर्वान्ह 11ः00 बजे से अपरान्ह 01ः00 बजे तक कोविड-19 के सुरक्षात्मक प्रोटोकाल का पालन करते हुए जन समस्याओं की सुनवाई की जायेगी।
सामूहिक प्रशिक्षण हेतु अनुसूचित जाति एवं जनजाति के लाभार्थियों से आवेदन आमंत्रित

बहराइच : उपायुक्त उद्योग मोहन चन्द्र शर्मा ने बताया कि उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन निदेशालय उ.प्र. द्वारा संचालित अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के व्यक्तियों को स्वरोजगार युक्त बनाये जाने के उद्देश्य से चार माह के सामूहिक प्रशिक्षण हेतु इच्छुक पुरूष एवं महिला अभ्यर्थीयों से डीआईयूपी एमएसएमई डाट यूपी एसआईडीसी डाट जीओवी डाट इन पर आनलाइन आवेदन पत्र आमंत्रित किये गये है। उन्होनें बताया कि कक्षा 8 उत्तीर्ण महिला हेतु मेडिकल नर्सिंग (आया), पुरूष हेतु इलेक्ट्रीशियन ट्रेड में प्रशिक्षण प्राप्त करने हेतु 18 से 45 वर्ष आयु के इच्छुक अभ्यर्थी आनलाइन आवेदन कर सकते है। विस्तृत जानकारी जिला उद्योग केन्द्र से प्राप्त की जा सकती है।
कम्प्यूटर प्रशिक्षण के लिए संस्थाओं से आवेदन आमंत्रित

बहराइच : जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रेखा गुप्ता ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2021-22 अन्तर्गत गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले अन्य पिछड़े वर्ग के युवक-युवतियों को निःशुल्क ओ लेवल/ट्रिपल सी (सी.सी.सी.) कम्प्यूटर प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए नीलीट से मान्यता प्राप्त प्रशिक्षण संस्थान विभागीय वेबसाइट बैकवर्डवेलफेअर डाट यूपी डाट एनआईसी डाट इन एवं ओबीसीकम्प्यूटरट्रेनिंग डाट यूपीएसडीसी डाट जीओवी डाट इन पर दिये गये लिंक पर 17 जून 2021 तक आनलाइन आवेदन किये जा सकते हैं। रेखा गुप्ता ने बताया कि इच्छुक प्रशिक्षण संस्थानों को मान्यता से सम्बन्धित अभिलेखों व आधारभूत ढांचे का विवरण उक्त वेबसाइट पर अपलोड करने के साथ ही समस्त अभिलेखों की हार्डकापी निदेशालय पिछड़ा वर्ग कल्याण, इन्दिरा भवन, लखनऊ तथा विकास भवन स्थित जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी के कार्यालय को 25 जून 2021 तक उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा
जनपद में संचालित हो रहा है बाढ़ राहत कन्ट्रोल रूम

बहराइच : जिलाधिकारी डा. दिनेश चन्द्र ने बताया कि जनपद में कलेक्ट्रेट स्थित जिला आपदा नियंत्रण केन्द्र में राउण्ड द क्लाक बाढ राहत कन्ट्रोल रूम का संचालन किया जा रहा है। कन्ट्रोल रूम का दूरभाष संख्या 05252-230132 तथा टोल फ्री नं. 1077 है। कन्ट्रोल रूम के सुचारू संचालन हेतु शिफ्टवार अधिकारियों, कर्मचारियों की तैनाती की गयी है। उन्होंने बताया कि कन्ट्रोल रूम में प्रातः 06 बजे से अपरान्ह 02 बजे तक, अपरान्ह 02 बजे से रात्रि 10 बजे तक तथा रात्रि 10 बजे से प्रातः 06 बजे तक तीन शिफ्टों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैनाती की गयी है।