
बरेली में नागरिक सुरक्षा संगठन का 63वां स्थापना दिवस मनाया गया, डीएम अविनाश सिंह ने मोटर रैली को दिखाई हरी झंडी
बरेली में नागरिक सुरक्षा संगठन का 63वां स्थापना दिवस मनाया गया, डीएम अविनाश सिंह ने मोटर रैली को दिखाई हरी झंडी
बरेली जिलाधिकारी एवं नियंत्रक अविनाश सिंह की अध्यक्षता में शनिवार, 6 दिसंबर को नागरिक सुरक्षा संगठन का 63वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। नागरिक सुरक्षा कार्यालय में विभागीय ध्वजारोहण के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई, जिसके बाद सामूहिक राष्ट्रगान और उपस्थित वार्डनों को शपथ दिलाई गई।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने अपने संबोधन में नागरिक सुरक्षा टीम के निस्वार्थ सेवाभाव और विभिन्न अवसरों पर किए गए सराहनीय कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने संगठन के उस योगदान को विशेष रूप से रेखांकित किया, जिसमें असामान्य परिस्थितियों में शांति व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग, रामगंगा मेला व्यवस्था में सहायता, एस.आई.आर. कार्यों में सहभागिता, मॉकड्रिल, परीक्षा ड्यूटी और त्योहारों के दौरान पुलिस व प्रशासन के साथ सक्रिय भूमिका शामिल है।
उन्होंने अपील की कि भविष्य में भी राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए संगठन शासन-प्रशासन द्वारा सौंपे गए दायित्वों को समय पर पूरा करे। डीएम ने नागरिक सुरक्षा विभाग को नगर स्तर से ग्रामीण स्तर तक विस्तारित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट प्रांगण से निकलने वाली नागरिक सुरक्षा मोटर साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
एक वर्ष की प्रगति का लेखा-जोखा
अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे ने वार्डनों को अधिक विश्वासपात्र बनने की प्रेरणा दी और उनके कार्यों की सराहना की। इस दौरान उप नियंत्रक नागरिक सुरक्षा राकेश कुमार मिश्र ने जनवरी 2025 से नवंबर 2025 तक विभाग की वर्षभर की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।
पिछले एक वर्ष में विभाग द्वारा विभिन्न स्तरों पर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें फर्स्ट रिस्पांडर तैयार करना, सीपीआर प्रशिक्षण, आईवीआरआई में ब्लैक आउट/मॉकड्रिल प्रदर्शन और जून 2025 में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन शामिल रहा। कार्यक्रम में डिप्टी चीफ वार्डन रंजीत वशिष्ठ, सहायक उप नियंत्रक तथा बड़ी संख्या में अवैतनिक स्वयंसेवक मौजूद रहे।
