diwali horizontal

बीबीएयू के विधि छात्रों ने राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन, प्रथम स्थान प्राप्त कर बढ़ाया विश्वविद्यालय का गौरव

0 66
बीबीएयू के विधि छात्रों ने राष्ट्रीय मूट कोर्ट प्रतियोगिता में किया उत्कृष्ट प्रदर्शन, प्रथम स्थान प्राप्त कर बढ़ाया विश्वविद्यालय का गौरव

लखनऊ: बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय (बीबीएयू) के स्कूल ऑफ लीगल स्टडीज़ के विधि विभाग के विद्यार्थियों ने एक बार फिर विश्वविद्यालय का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। विभाग की छात्रा अंजु बाला (चतुर्थ वर्ष), आयुष सिंह (चतुर्थ वर्ष) और अविरल द्विवेदी (द्वितीय वर्ष) की टीम ने इंदौर में आयोजित तृतीय डॉ. के. एल. ठकुराल मेमोरियल नेशनल मूट कोर्ट प्रतियोगिता, 2025 में प्रथम स्थान प्राप्त किया।यह प्रतियोगिता ओरिएंटल यूनिवर्सिटी, इंदौर के फैकल्टी ऑफ लॉ द्वारा आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों की टीमों ने भाग लिया। बीबीएयू की टीम ने अपने तर्क, प्रस्तुतीकरण और कानूनी कौशल के आधार पर निर्णायक मंडल को प्रभावित करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किया।विजेता टीम को 30,000 रुपये की नकद राशि और ट्रॉफी प्रदान की गई। पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति आई. एस. श्रीवास्तव ने विजेताओं को सम्मानित किया।इसके अतिरिक्त, बीबीएयू की छात्रा अंजु बाला को उनके प्रभावशाली प्रदर्शन के लिए ‘सर्वश्रेष्ठ वक्ता’ का खिताब प्रदान किया गया, जिसके अंतर्गत उन्हें 5,000 रुपये की नकद राशि दी गई।इस उपलब्धि से बीबीएयू के विधि विभाग में उत्साह का माहौल है। संकाय सदस्यों ने विद्यार्थियों की इस सफलता को मेहनत, समर्पण और उत्कृष्ट मार्गदर्शन का परिणाम बताया है तथा भविष्य में भी इसी तरह विश्वविद्यालय का नाम रोशन करने की शुभकामनाएँ दी हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.