
बीबीएयू कुलपति ने अमेठी सैटेलाइट सेंटर का किया दौरा, विभागीय निरीक्षण और छात्रों से की बातचीत
लखनऊ: बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, लखनऊ के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने 6 मई को अमेठी स्थित विश्वविद्यालय के सैटेलाइट सेंटर का दौरा किया। उनके साथ डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. एस. विक्टर बाबू और एग्जिक्यूटिव इंजीनियर प्रतीक कुमार भी मौजूद रहे। दौरे का उद्देश्य केंद्र की शैक्षणिक और भौतिक संरचनात्मक स्थिति का मूल्यांकन करना तथा भविष्य की योजनाओं पर विचार-विमर्श करना रहा।सैटेलाइट सेंटर के निदेशक डॉ. संदीप कुमार नायक ने कुलपति को केंद्र की कार्यप्रणाली, चल रही गतिविधियों और संकाय सदस्यों से परिचय कराया। कुलपति ने केंद्र के विभिन्न विभागों और शैक्षणिक सुविधाओं का निरीक्षण किया और बुनियादी ढांचे को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्थानीय छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जोड़ने के लिए कौशल-आधारित प्रमाणपत्र पाठ्यक्रमों और व्यावसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रमों की शुरुआत की जानी चाहिए।प्रो. मित्तल ने संकाय सदस्यों के साथ संवाद करते हुए नियमित रूप से शैक्षणिक सेमिनार, कार्यशालाएं और सामुदायिक जुड़ाव के कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य केवल डिग्री प्रदान करना नहीं बल्कि सामाजिक बदलाव की दिशा में योगदान देना भी है।दौरे के दौरान कुलपति ने विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने छात्रों से शैक्षणिक गुणवत्ता, उपलब्ध संसाधनों और सुविधाओं के संबंध में फीडबैक भी प्राप्त किया। खासतौर पर खाद्य एवं पोषण विभाग के विद्यार्थियों ने अपने हाथों से तैयार लस्सी, केक, कुकीज़ और अन्य पेय पदार्थों से अतिथियों का अभिनंदन किया, जिसे कुलपति ने सराहा और छात्रों की रचनात्मकता की प्रशंसा की।इस अवसर पर डॉ. लीना शरद शिम्पी, डॉ. राजेश कुमार, डॉ. रवींद्रनाथ, डॉ. शंकर लाल, डॉ. आदित्य खम्परिया, डॉ. योगाधर पांडे और एडमिन इंचार्ज डॉ. नीरज कुमार तिवारी सहित कई संकाय सदस्य उपस्थित रहे। यह दौरा न केवल संस्थान के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण रहा, बल्कि छात्रों और शिक्षकों के मनोबल को भी नया उत्साह प्रदान करने वाला रहा।
