diwali horizontal

2024 का चुनाव जीतने के लिए भाजपा ने किया मंथन:लखनऊ में BL संतोष ने पदाधिकारियों के साथ की बैठक; कमजोर सीटों पर विजय के लिए बनाई रणनीति

0 86

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीट जीतने का दावा करने वाली BJP अब संगठन और सरकार के कामकाज की समीक्षा करने जा रही है। इसका दौर आज यानी शनिवार से शुरू होकर रविवार तक चलेगा। BJP के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री BL संतोष दो दिवसीय दौरे पर शनिवार सुबह लखनऊ पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक की। यहां पर पूर्व में जिन जीतों पर भाजपा कमजोर साबित हुई है, उन सीटों को जीतने के लिए रणनीति बनाई। 2024 के चुनाव में विजय के लिए खाका तैयार किया।

यूपी में BJP के महानगर अध्यक्षों के बदलाव के साथ ही प्रकोष्ठों का अभी ऐलान होना बाकी है। इसलिए भी BL संतोष का दौरा अहम माना जा रहा है। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कहा,”9 साल पूरा होने पर अलग-अलग कार्यक्रम रखे गए थे। इन सभी कार्यों में यूपी को पहला नंबर मिला है। हमने घर-घर संपर्क करने का रिपोर्ट कार्ड दिखाया। हमारी पार्टी ने कई विषयों पर चर्चा की। पिछले चुनाव में जो कमियां रहीं हैं उन पर बात हुई। जनता के बीच हमारे कामों को लेकर कार्यकर्ता जा रहे हैं। जो PM और CM की विचार धारा को लेकर काम करना चाहते हैं। उनका भाजपा में स्वागत है।”

BJP कोर कमेटी की बैठक मुख्यमंत्री आवास पर होगी

जानकारी अनुसार, आज रात 8:00 बजे कोर कमेटी की बैठक होगी। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक इसके अलावा राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, यूपी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह होंगे शामिल। यहां पर 2024 के लोकसभा चुनाव को लेकर आगामी कार्यक्रमों व पार्टी के महासंपर्क अभियान को लेकर भी चर्चा संभव मानी जा रही है। मुख्यमंत्री आवास पर ही सभी का भोजन का भी कार्यक्रम रखा गया है।

योगी सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार तय होगा
महा जनसंपर्क अभियान में फिसड्डी जिला अध्यक्षों की रिपोर्ट तैयार होगी। इसके साथ ही योगी सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार भी तय होगा। फिलहाल संगठन के साथ इस सरकार से जुड़े विषयों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी BL संतोष मुलाकात करेंगे

मंत्रियों से सरकार के कामकाज और संगठन से तालमेल जानेंगे
2 जून 2021 को BL संतोष लखनऊ के तीन दिवसीय दौरे पर आए थे। तब उन्होंने संगठन-सरकार के मुद्दों पर समीक्षा बैठक की थी। इसके बाद केंद्र सरकार को रिपोर्ट सौंपी थी। इसके अलावा BL संतोष ने डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक समेत 12 से ज्यादा मंत्रियों से मुलाकात की थी।

उन्होंने मंत्रियों से सरकार के कामकाज और संगठन से तालमेल को लेकर सवाल पूछे थे। BL संतोष इस बार भी न सिर्फ संगठन की बैठक करेंगे, बल्कि सरकार के मंत्रियों से भी मुलाकात करेंगे। संतोष सरकार के उन मंत्रियों से मिलेंगे, जिनसे पिछली बार मुलाकात नहीं हो पाई थी।

BL संतोष के दौरे का असर
BL संतोष के 2 जून 2021 के दौरे का असर भी दिखाई दे रहा है। संगठन और सरकार में खाली पड़े पदों को भरने की चर्चा संतोष ने की थी। अब इन पदों को भरने की कवायद शुरू हो चुकी है। अनुसूचित जाति, जनजाति आयोग और पिछड़ा आयोग की सीटों को भर दिया गया है। जल्द ही आयोग और निगमों के साथ ही संगठन के सभी पदों को भर दिया जाएगा।

BL संतोष ने बैठकों के बाद अपनी रिपोर्ट दिल्ली नेतृत्व को दी थी। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद दो दिनों का दिल्ली दौरा कर प्रधानमंत्री मोदी समेत गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की थी।

यूपी के सांसदों से मिलेंगे PM मोदी
आगामी लोकसभा चुनावों को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मोर्चा संभाल लिया है। वे BJP सांसदों से मुलाकात कर इलाकेवार हालात का आकलन करेंगे। इसके लिए सांसदों के 10 समूह बनाए जाने की खबर है। इसी क्रम में वे यूपी के सांसदों से भी मिलेंगे। यह सिलसिला 25 जुलाई से शुरू हो सकता है।

 

Leave A Reply

Your email address will not be published.