
लखनऊ : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा है कि पं. दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय को आत्मसात कर चलने वाली भाजपा व्यक्ति के शरीर, मन, बुद्धि सबकी संतुष्टि को लेकर चलती है। भाजपा ही ऐसी पार्टी है जहां नीति और नीयत दोनों हैं। विपक्ष के पास न तो नीति है और न नियत। एकमात्र भाजपा ही ऐसी पार्टी है जहां साधारण परिवार के व्यक्ति राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री गृहमंत्री, रक्षामंत्री और मुख्यमंत्री बनते हैं। अन्य सभी पार्टियां परिवारवाद को लेकर चलती हैं
मंडल के पदाधिकारी हर महीने करें बूथ पर बैठक

शुक्रवार को लखनऊ शहर और ग्रामीण के बूथ कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए श्री नड्डा ने कहा कि बूथ अध्यक्ष जन कल्याण और विकास से संबंधित आंकड़े याद रखें। जनता के बीच इन तथ्यों को रखें। राजनीतिक कार्यकर्ता हवा में बात नहीं करते हैं। तथ्यों को हमें आगे बढ़ाना है। मंडल के पदाधिकारी हर महीने में एक बार बूथ की बैठक जरूर करें। बूथ समिति के साथ बैठे। बूथ प्रभारी की जिम्मेदारी पूरी करनी होगी। बूथ कमेटी में समाज के सभी लोगों का समावेश किया जाए। उन्होंने मेरा बूथ सबसे मजबूत का नारा दिया
बूथों पर एकत्र होकर सुनी जाए पीएम के मन की बात

उन्होंने कहा कि हर महीने के अंतिम रविवार को पीएम की मन की बात कार्यक्रम को बूथ स्तर पर एकत्र होकर सुना व देखा जाए, समाज के अन्य लोगों को भी जोड़ें। मंडल के पदाधिकारी बूथ कमेटी के साथ बैठकर नाश्ता और भोजन करें। सब अपने घर से रोटियां लाएं। अपना खाना दूसरे को खिलाए और दूसरे का खाना खुद खाए। एक बूथ पर 900 से 1000 लोग होते हैं
भाजपा के पास नीति, नीयत, कार्यकर्ता और कार्यक्रम सब है

मतदाता सूची के एक पन्ने पर 30 लोग होते हैं। एक-एक पन्ना के लिए एक कार्यकर्ता को जिम्मेदार बनाएं। वह सभी लोगों से संपर्क बनाएं। सभी को मुख्य धारा में शामिल करें। आगे जाकर पन्ना कमेटी तक बनाई जाएगी। देश के हर बूथ पर पन्ना समितियां होंगी। यह हमारी जिम्मेदारी है। लोगों को बताएं कि भाजपा के पास नीति, नियत, कार्यक्रम और कार्यकर्ता हैं। अन्य दलों में सिर्फ नेता हैं, नीति नहीं है। किसी के पास नीति है तो नियत नहीं। किसी के पास नियत है तो कार्यक्रम नहीं और कार्यक्रम है तो कार्यकर्ता नहीं
नंबर एक सीएम आने पर योगी का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान जेपी नड़्डा ने सर्वे में देश का नंबर एक सीएम चुने जाने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बुके देकर मंच से सम्मानित किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री नड्डा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर एक वर्ष पूरे होने पर बुके देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजनीति में परिवारवाद ने लोकतंत्र की जड़ों को कमजोर किया है। आज दुनिया भारत की ओर देख रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि चुनाव जीतने का सहज मंत्र बूथ की जीत है। भाजपा हमेशा बूथ स्तर पर संवाद करती है। बूथ अध्यक्षों के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष का संवाद का अभिनंदन है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 1.63 लाख बूथ हैं। इन सभी बूथों तक केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है
माफिया पर अब चल रहे बुलडोजर : स्वतंत्र देव
प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि पूर्व की सरकारों में एके-47 लेकर घूमने वाले गुंडों के घरों पर अब बुल्डोजर चल रहे हैं। गुंडे दिखाई नहीं दे रहे हैं। राज्य के अंदर सभी बूथों पर बूथ कमेटियों का गठन किया जा चुका है। मंडल के प्रदाधिकारियों को बूथ प्रभारी बनाया गया है। जिले के पूर्व पदाधिकारी सेक्टर प्रभारी बनाए गए हैं। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी राधामोहन सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डा. दिनेश शर्मा के साथ ही अन्य कई मंत्री और वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।