
बीएसपी ने अनुशासनहीनता के चलते समसुद्दीन राईन को पार्टी से निष्कासित किया
लखनऊ: बहुजन समाज पार्टी उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने आज एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर जानकारी दी कि पार्टी के लखनऊ और कानपुर मण्डल प्रभारी, श्री समसुद्दीन राईन निवासी जिला झाँसी को पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है। निष्कासन का मुख्य कारण अनुशासनहीनता अपनाना और पार्टी में गुटबाजी फैलाना बताया गया है।प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि इस मामले में श्री राईन को कई बार चेतावनी भी दी गई थी, लेकिन उनकी गतिविधियों और कार्यशैली में कोई सुधार नहीं आया। इस वजह से पार्टी और मूवमेंट के हित में बीएसपी की राष्ट्रीय अध्यक्ष कुमारी मायावती के संज्ञान में यह मामला लाया गया और आज उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया।प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने स्पष्ट किया कि पार्टी में अनुशासन बनाए रखना सर्वोपरि है और किसी भी सदस्य द्वारा गुटबाजी या अनुशासनहीन व्यवहार की कोई छूट नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बीएसपी का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को संगठित करना है और इसके लिए पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य है।विश्वनाथ पाल ने यह भी बताया कि निष्कासित सदस्य के खिलाफ आगे की कानूनी और संगठनात्मक कार्रवाई पार्टी नियमों के अनुसार की जाएगी।
