
लखनऊ : राजधानी लखनऊ में बेखौफ हो चुके बदमाशों ने एक बार फिर पुलिस को खुली चुनौती दी है। जहां देर रात जानकीपुरम थाना क्षेत्र के सहारा स्टेट में बदमाशों को गाड़ी खड़ी कर दारू पीने को मना करने पर उन्होंने एका एक फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों का मन इससे भी नहीं भरा तो घर पर शुतली बमों से हमला कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से 4 खोखे भी बरामद किए हैं। बदमाशों के इस जानलेवा हमले में फिलहाल कोई भी घायल नहीं हुआ है।
आपको बता दें कि जानकीपुरम थाना क्षेत्र के सहारा स्टेट में देर रात पेशे से अधिवक्ता राजा सिंह के ऊपर देर रात पवन, पीयूष धन्ने व ईशु सोनी ने अपने आधा दर्जन साथियों के साथ मिलकर फायरिंग व बम से जानलेवा हमला कर दिया। फायरिंग व बम से हमला होने के दौरान आस-पास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी बदमाश मौके से भाग निकले। फिलहाल पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच करने के साथ ही बदमाशों की तलाश में जुटी है।