
कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर बोले– पटवा समाज को मिलेगा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच, लखनऊ में होगा युवा संवाद कार्यक्रम
कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर बोले– पटवा समाज को मिलेगा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच, लखनऊ में होगा युवा संवाद कार्यक्रम
लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री (श्रम एवं सेवायोजन) अनिल राजभर ने एक भव्य समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई, जहां मंत्री ने पटवा समाज के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके परिजनों को सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए अनिल राजभर ने कहा कि पटवा समाज का इतिहास अत्यंत गौरवशाली और प्रेरणादायक रहा है। उन्होंने कहा कि इस समाज ने सनातनी परंपराओं को जीवित रखने के साथ-साथ देवी-देवताओं के शुभ कार्यों से जुड़े व्यवसाय को अपनाकर समाज और संस्कृति को मजबूत किया है। साथ ही, देश की आन-बान और शान के लिए भी पटवा समाज का योगदान अतुलनीय रहा है।
पटवा समाज को मिलेगा बड़ा मंच
कैबिनेट मंत्री ने भरोसा दिलाया कि पटवा समाज के योगदान को अब प्रदेश सरकार के माध्यम से एक बड़े और अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्थापित किया जाएगा, ताकि समाज की पहचान वैश्विक स्तर पर मजबूत हो सके।
उन्होंने कहा कि शासन और प्रशासन के कार्यों में पटवा समाज की भागीदारी बढ़ाने के लिए ठोस प्रयास किए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, जिससे सरकारी योजनाओं का सीधा लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
इसके साथ ही अनिल राजभर ने जल्द ही लखनऊ में पटवा समाज के युवाओं के साथ एक विशेष संवाद कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा भी की।
देश सुरक्षित हाथों में : अनिल राजभर
मंत्री ने कहा कि आज देश का नेतृत्व सुरक्षित और सक्षम हाथों में है, इसी कारण भारत आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक रूप से लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने समाज के युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि किसी भी कार्य की सफलता के लिए संकल्प, स्पष्ट लक्ष्य और समय का सही निर्धारण बेहद आवश्यक है।
भव्य सम्मान समारोह
कार्यक्रम के दौरान पटवा समाज की ओर से कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर को मुकुट, अंगवस्त्र और माला पहनाकर सम्मानित किया गया। समारोह में राष्ट्रीय अध्यक्ष संजीव देववंशी, राष्ट्रीय महामंत्री आकाश पटवा, राष्ट्रीय संगठन मंत्री अरविंद पटवा, डॉ. सागर पटवा, विजय पटवा, केपी पटवा सहित देश और प्रदेश से आए बड़ी संख्या में समाज के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
