
लखनऊ : मौसम के करवट लेने के आसार बन गए हैं। शुक्रवार को सुबह हल्की बारिश होने के आसार हैं। इससे तापमान में गिरावट होगी लोगों को एक बार फिर ठंड की मुश्किलों का सामना करना पड़ेगा। हालांकि दोपहर बाद धूप निकलने से लोगों को राहत भी मिलेगी। आंचलिक मौसम केन्द्र के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश के आसान बन रहे हैं। यह शुक्रवार को सुबह तक ही रहेगा। बारिश हल्की होने की संभवना है इसके बाद आसमान खुल जाएगा। धूप की किरणें धरती पर आने लगेंगी। लेकिन बारिश होने से तापमान में गिरावट होगी। जो अगले कुछ दिनों तक बरकरार रहेगी। अभी दो दिनों तक बारिश की संभावना थी लेकिन इसके आसार अब बहुत कम हो गए हैं।
रात की गलन कम हुई
धूप निकलने से गुरुवार को लोगों को काफी राहत मिली है। लखनऊ में दिन के तापमान में महज 0.2 डिग्री की वृद्धि हुई लेकिन रात के तापमान में 3.4 डिग्री की वृद्धि हुई है। इससे रात में गलन काफी कम हो गई है गुरुवार को न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री रिकार्ड हुआ है। यह सामान्य से 4 डिग्री अधिक था एक दिन पहले न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री रिकार्ड हुआ था उधर दिन का तापमान 28.7 डिग्री रिकार्ड हुआ है। यह सामान्य से 5 डिग्री अधिक था। बुधवार को अधिकतम तापमान 28.5 डिग्री रिकार्ड हुआ था।